गया जी में व्यापारियों की सुरक्षा पर पुलिस सख्त, लूट-साइबर ठगी रोकने को CCTV नेटवर्क होगा मजबूत
बैठक में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network
गया जी शहर में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और चैंबर ऑफ कॉमर्स की संयुक्त बैठक हुई. व्यापारियों की सुरक्षा, लूटपाट और साइबर अपराध रोकने के उपायों पर गहन चर्चा हुई. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए बाजारों में आधुनिक CCTV कैमरे लगाने पर जोर दिया गया.
Gaya Police CCTV Security : गया जी शहर में आपराधिक घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से केपी रोड स्थित सेंट्रल बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स कार्यालय में सेंट्रल बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स व पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता प्रमोद कुमार भदानी ने की, जबकि स्वागत डॉ. अनुप कुमार केडिया ने किया.
आपके शहर में
संरक्षक डॉ. कौशलेंद्र प्रताप ने समस्याओं का विवरण प्रस्तुत किया तथा पूर्व के वर्षों में चैंबर एवं पुलिस के परस्पर सहयोग से विधि व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया. धन्यवाद ज्ञापन महासचिव प्रवीण मोर ने किया.
व्यापारियों की सुरक्षा और लूट की घटनाओं को लेकर जताई गई चिंता
बैठक में शहर के व्यापारियों की सुरक्षा, राहगीरों एवं व्यवसायियों से आभूषण तथा अन्य मूल्यवान वस्तुओं की लूट की घटनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई. व्यापारियों ने हाल के दिनों में घटित आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और व्यापारिक क्षेत्रों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता बताई.
बढ़ते साइबर अपराध और डिजिटल ठगी से बचाव के लिए जागरूकता पर चर्चा
वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग फ्रॉड एवं डिजिटल माध्यमों से होने वाली धोखाधड़ी से व्यापारियों को सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता एवं त्वरित सहायता व्यवस्था पर भी चर्चा हुई. व्यापारियों को तकनीकी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई.
बाजारों और प्रमुख मार्गों पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने पर दिया गया जोर
बैठक में शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों, बाजारों, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया. व्यापारियों से भी अपील की गई कि वे अपने प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाएं और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पुलिस को सूचना दें.

पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा का दिया भरोसा, आपसी समन्वय से बनेगा भयमुक्त वातावरण
बैठक में उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा और सीसीटीवी नेटवर्क को मजबूत करना पुलिस की प्राथमिकता है. प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के बीच नियमित संवाद एवं आपसी समन्वय से शहर में सुरक्षित व भयमुक्त व्यावसायिक वातावरण तैयार किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए