पितृपक्ष मेले में 15-20 लाख श्रद्धालुओं की भीड़, गया में रेलवे ने बढ़ाए टिकट काउंटर; 24 घंटे होगी करंट बुकिंग
यात्रियों के लिए शौचालय स्नानघर बनकर तैयार | Prabhat Khabar Network
पितृपक्ष मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेल ने विशेष तैयारियां की हैं. गया में अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए हैं और करंट आरक्षण केंद्र 24 घंटे खुला रहेगा.
Pitru Paksha Mela Gaya Ji : पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं.
आपके शहर में
संसाधनों की उपलब्धता और लगातार निगरानी पर जोर
उन्होंने संभावित यात्री दबाव को ध्यान में रखते हुए टिकटिंग, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन एवं निर्बाध आवागमन की व्यवस्थाओं का पूर्व आकलन कर आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने और स्टेशन, मंडल एवं मुख्यालय स्तर पर निरंतर निगरानी एवं समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया है.
पिछले वर्ष पितृपक्ष मेला के दौरान लगभग 15 से 20 लाख यात्रियों के आवागमन के बीच श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रेल सेवा सुनिश्चित की गयी थी.
डीडीयू मंडल द्वारा व्यापक कार्ययोजना और अतिरिक्त काउंटर
इसी अनुभव को आधार बनाते हुए इस वर्ष पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल द्वारा गया जी क्षेत्र में व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही हैं. मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना की निगरानी में तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है. आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त रेलकर्मी, टिकट जांच एवं सहायता कर्मी तथा सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के प्रबंध किए जा रहे हैं.
गया जंक्शन, विष्णुपद एवं रामसागर तालाब क्षेत्र में अतिरिक्त टिकटिंग सुविधाओं का प्रावधान किया जा रहा है. रामसागर तालाब में यात्री आरक्षण प्रणाली दो पालियों में, विष्णुपद में सहयोग काउंटर एवं मोबाइल अनारक्षित टिकट प्रणाली तथा गया जंक्शन के यात्री आरक्षण केंद्र पर अतिरिक्त काउंटर की व्यवस्था प्रस्तावित है.
Also Read : पितृपक्ष मेला 2026 को लेकर गया में तैयारियां तेज, सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक पुख्ता इंतजाम
करंट आरक्षण काउंटर चौबीसों घंटे तथा मुख्य बुकिंग क्षेत्र में 10 एवं डेल्हा क्षेत्र में तीन अनारक्षित टिकट काउंटर संचालित किये जायेंगे.
यात्री सुविधाएं, स्वच्छता और अवरोध-मुक्त आवागमन
प्रवेश-निकास मार्गों के संकेतक, नियमित उद्घोषणा, प्रतीक्षालय एवं होल्डिंग क्षेत्रों, पेयजल, भोजन तथा बुजुर्ग, बीमार एवं दिव्यांग यात्रियों के लिए सहायता की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. स्वच्छता के साथ पार्सल एवं अन्य सामग्री को व्यवस्थित रखकर अवरोध-मुक्त आवागमन सुनिश्चित किया जायेगा.
सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और विशेष ट्रेनें
सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर कर्मियों की तैनाती तथा उपलब्ध सीसीटीवी एवं अन्य निगरानी प्रणालियों से सतत निगरानी की जायेगी. स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित सुरक्षा एजेंसियों से समन्वय रखा जायेगा.
संभावित यात्री दबाव को देखते हुए अतिरिक्त विशेष ट्रेनों एवं महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव की आवश्यकता का भी आकलन किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए