गया जी में रिलायंस इंडस्ट्रीज का दो दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट, ट्रेनिंग में 3.5 लाख और बाद में 4 लाख CTC
राजकीय पॉलिटेक्निक गया | Prabhat Khabar Network
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी पदों के लिए विशेष कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन कर रही है. बिहार के 43 राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के विद्यार्थी इसमें भाग ले सकते हैं, जिन्हें प्रशिक्षण के दौरान 3.5 लाख और बाद में 4 लाख रुपये वार्षिक सीटीसी मिलेगा.
राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के डिप्लोमा विद्यार्थियों के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (सीबीजी डिवीजन) की ओर से विशेष कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जायेगा. राजकीय पॉलिटेक्निक गया में दो दिवसीय प्लेसमेंट ड्राइव में बिहार के 43 राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के डिप्लोमा विद्यार्थी शामिल होंगे.
आपके शहर में
कंपनी की ओर से डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी के पदों पर भर्ती की जायेगी. चयनित विद्यार्थियों की नियुक्ति पूरे भारत में विभिन्न स्थानों पर होगी. भर्ती के लिए मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल व केमिकल शाखा के विद्यार्थी पात्र होंगे. संस्थान के द्वारा बताया गया कि चयनित विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान 3.5 लाख रुपये वार्षिक सीटीसी दिया जायेगा.
जबकि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सीटीसी बढ़कर 4 लाख रुपये वार्षिक हो जायेगा. रिलायंस इंडस्ट्रीज कंपनी के कैंपस रिक्रूटमेंट टीम योग्य अभ्यर्थी की तलाश में दो दिनों तक गया जी में रहेगी.
भर्ती प्रक्रिया की योग्यता एवं चयन का आधार
भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, साक्षात्कार व अंतिम मूल्यांकन शामिल होगा. लिखित परीक्षा व साक्षात्कार सात व आठ सितंबर को आयोजित किये जायेंगे. शैक्षणिक योग्यता के तहत 10 वीं में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं. इसमें वर्ष 2025-26 बैच के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे.
43 पॉलिटेक्निक संस्थानों के विद्यार्थी होंगे शामिल
प्लेसमेंट में गया, औरंगाबाद, नवादा, अरवल, कैमूर, डेहरी ऑन सोन, बरौनी, शेखपुरा, जहानाबाद सहित बिहार के 43 राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के विद्यार्थी शामिल होंगे. इन पॉलटेक्निक कॉलेजों के करीब 2000 विद्यार्थियों ने इसके लिए रजिस्ट्रेशन कराया है.
संस्थान की ओर से विद्यार्थियों को सहयोग
राजकीय पॉलिटेक्निक गया के प्राचार्य डॉ एचके सिंह ने बताया कि कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के सफल आयोजन के लिए संस्थान की ओर से सभी आवश्यक तैयारियों पूरी कर ली गयी है. उन्हें हर संभव सुविधायें व सहयोग उपलब्ध कराया जायेगा.
तकनीकी शिक्षा प्राप्त विद्यार्थियों के करियर के लिए अहम कदम
उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में रोजगार के अवसर मिलना तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के करियर निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए