नीमचक बथानी को मिला पहला राजकीय डिग्री महाविद्यालय, विधायक रोमित कुमार ने किया शुभारंभ

Updated:
विज्ञापन
नीमचक बथानी को मिली उच्च शिक्षा का सौगात, राजकीय डिग्री महाविद्यालय का हुआ शुभारंभ,मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया उद्घाटन, अतरी विधायक रोमित कुमार ने फीता काटकर किया लोकार्पण

अतरी विधायक रोमित कुमार एवं अन्य अधिकारियों के द्वारा फीता काटकर राजकीय डिग्री महाविद्यालय का शुभारंभ करते

Gaya Ji News : गया जिले के नीमचक बथानी में नवनिर्मित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का भव्य शुभारंभ हुआ है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसका उद्घाटन किया, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.

विज्ञापन

Gaya Ji News : गया जी जिले के नीमचक बथानी प्रखंड की मई पंचायत स्थित बेसिक स्कूल के समीप नवनिर्मित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का बुधवार को भव्य समारोह के बीच शुभारंभ किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महाविद्यालय का उद्घाटन किया. इसके बाद अतरी विधायक रोमित कुमार ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर महाविद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया.

ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा उच्च शिक्षा का लाभ

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोमित कुमार ने कहा कि महाविद्यालय के शुरू होने से नीमचक बथानी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि विशेष रूप से छात्राओं को स्थानीय स्तर पर स्नातक की पढ़ाई की सुविधा मिलने से शिक्षा को नया आयाम मिलेगा और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा.

जल्द शुरू होंगी नियमित शैक्षणिक गतिविधियां

प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर आनंद ने बताया कि यह नीमचक बथानी प्रखंड का पहला राजकीय डिग्री महाविद्यालय है. उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में फिलहाल प्राचार्य श्याम सुंदर प्रसाद सिंह एवं प्रोफेसर डॉ. परमानंद राम की पदस्थापना की गई है. जल्द ही नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू की जाएंगी और चरणबद्ध तरीके से अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति भी की जाएगी.

क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में ऐतिहासिक पहल

महाविद्यालय के शुभारंभ से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है. स्थानीय लोगों ने इसे ग्रामीण क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया. लोगों का कहना है कि अब विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी.

दो छात्राओं ने कराया पहला नामांकन

महाविद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि शुभारंभ के दिन दो छात्राओं ने नामांकन कराया. नामांकित छात्राओं आशा कुमारी और रिंकू कुमारी ने कहा कि स्थानीय स्तर पर डिग्री कॉलेज खुलने से समय और पैसे दोनों की बचत होगी. अब उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूर शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा.

बड़ी संख्या में अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में जगजीवन कॉलेज, गया के प्राचार्य मोहम्मद अयूब, भू-अर्जन पदाधिकारी रविंद्र राम, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) सुमित कुमार सौरव, अंचल अधिकारी सुमित कुमार, विधायक प्रतिनिधि मनोज कुशवाहा, पैक्स अध्यक्ष रसोश कुमार, लव जी, शोएब आलम, नीरू कुमार, पूर्व मुखिया अखिलेश यादव सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे.

Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत



विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन