गया जी में राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, पकौड़ी-चाय बनाई और जूता पॉलिश किया
गया में राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस के कार्यक्रम में शामिल कांग्रेस, युवा कांग्रेस, NSUI और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता.
गया जी के चौक स्थित बापू प्रतिमा के पास कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने संयुक्त रूप से 17 सितंबर को 'राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस' मनाया. कार्यकर्ताओं ने चाय बनाकर, पकौड़ी तलकर और जूते पॉलिश कर केंद्र सरकार की रोजगार नीतियों पर करारा कटाक्ष किया और खाली पदों को भरने की मांग की.
Gaya News : कांग्रेस पार्टी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष 17 सितंबर को 'राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस' के रूप में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया गया. इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सरकार की नीतियों पर तीखा कटाक्ष करते हुए अनूठा तरीका अपनाया.
अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के लोगों ने पकौड़ी तली, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चाय बनाई, जबकि इंटक के लोगों ने लोगों के जूते पॉलिश कर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया. बेरोजगारी का भारी दंश झेल रहे छात्रों और युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर इस सांकेतिक प्रदर्शन के जरिए देशवासियों तक एक कड़ा संदेश पहुँचाने का काम किया.
इन प्रमुख नेताओं की रही मौजूदगी
इस विरोध प्रदर्शन और सभा में कांग्रेस बिहार प्रदेश समिति के सदस्य विजय कुमार मिट्ठू, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल कुमार, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील कुमार पासवान, जेएनयू छात्र संघ के पूर्व महासचिव विपिन बिहारी सिन्हा, एनएसयूआई के अध्यक्ष नवनीत कुमार सिंह, इंटक के जिला महासचिव टिंकू गिरी, पूर्व विधायक मो. खान अली सहित कई अन्य गणमान्य कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहे.
सरकार पर वादाखिलाफी का लगाया गंभीर आरोप
मौजूद नेताओं ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2014 में सत्तासीन होते वक्त सरकार ने हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का बड़ा वादा किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अभी तक के 12 वर्षों के लंबे कार्यकाल में सरकार ने 24 करोड़ रोजगार देने के बजाय 24 लाख युवाओं को भी नौकरी या रोजगार मुहैया कराने का काम नहीं किया है.
पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम के माध्यम से सरकार के समक्ष कई प्रमुख मांगें भी रखीं:
- केंद्र और राज्य सरकारों के विभिन्न विभागों में खाली पड़े लाखों पदों को तत्काल भरा जाए.
- देश और प्रदेश में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जाए.
- सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की भर्ती प्रक्रिया को समय पर और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए.
- देश के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को हर महीने नियमित रूप से बेरोजगारी भत्ता दिया जाए.
- प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रहे भ्रष्टाचार और घोटालों को समाप्त कर सख्त कानून बनाया जाए.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए