गया जी: मानपुर के नारोघाट में 50 वर्षीय किसान की पीट-पीटकर हत्या! बधार में मिला लहूलुहान शव, FSL टीम जांच में जुटी
घटनास्थल पर निरीक्षण करते हुए पुलिस पदाधिकारी.
Murder In Gaya Ji: गया के नारोघाट गांव में बुधवार को सनसनी फैल गई जब 50 वर्षीय किसान प्रेमन मांझी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ. मृतक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में जुटी है.
Murder In Gaya Ji: मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सनौत पंचायत के नारोघाट गांव में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बधार में एक 50 वर्षीय किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया. मृतक की पहचान नारोघाट गांव निवासी प्रेमन मांझी के रूप में की गई है. ग्रामीणों के अनुसार, किसान की हत्या उसके सिंचाई फार्म हाउस के समीप लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से की गई है. मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों और गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं.
सिंचाई फार्म हाउस के पास हुई वारदात
मृतक का शव उसके घर से करीब एक किलोमीटर दूर सुनसान बधार में मिला, जहां वह रोजाना की तरह खेती-बाड़ी की देखरेख करने गया था. मृतक के बेटे सुधीर कुमार ने बताया कि वे पांच भाई हैं और उनके पिता अपनी जमीन के साथ-साथ दूसरों की जमीन बटाई पर लेकर खेती करते थे, जिससे पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था.
परिजनों ने नहीं जताया शक
परिजनों ने फिलहाल किसी व्यक्ति या रंजिश को लेकर सीधा संदेह व्यक्त नहीं किया है, जिससे हत्या के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं.
एफएसएल टीम ने जुटाए मौके से साक्ष्य
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. डीएसपी अविनव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया शुरू की.
"शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भेजा गया है. प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है और पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से तहकीकात कर रही है." — अविनव कुमार, डीएसपी
सुरागकशी में जुटी पुलिस की विशेष टीम
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र, अपर थानाध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और एसआई मोहम्मद इमरान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने आसपास के किसानों और ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मामले का जल्द पर्दाफाश कर अज्ञात हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Also Read: गया जी में मंदिर का ताला तोड़ मां दुर्गा की प्रतिमा चोरी, सुबह पहुंचा पुजारी तो रह गया हैरान
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए