इटली के फिल्म निर्माताओं ने देखा बिहार के छात्रों का हुनर, उत्कृष्ट विद्यार्थियों को किया सम्मानित
Published by : Suryakant Kumar Updated At : 30 May 2026 3:58 PM
इटली के फिल्ममेकर द्वारा विभिन्न तकनीकी नमूनों एवं नवाचारों का अवलोकन
Gaya Ji News : इटली के फिल्म निर्माता वाल्टर मेरेगली और डैनियल पैरिटी ने गया अभियंत्रण महाविद्यालय का दौरा कर विद्यार्थियों के नवाचारों की सराहना की और उत्कृष्ट छात्रों को सम्मानित किया. प्राचार्य ने इसे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया.
Gaya Ji News (खिजरसराय से अमिताभ रंजन की रिपोर्ट):
गया अभियंत्रण महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त इटली के फिल्म निर्माता एवं छायाकार वाल्टर मेरेगली और डैनियल पैरिटी ने संस्थान का भ्रमण कर विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न तकनीकी नमूनों एवं नवाचारों का अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया.
अतिथियों ने विद्यार्थियों की सराहना की
भ्रमण के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और नवाचार क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय अभियंताओं ने विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है, जिसमें बिहार के युवाओं की भूमिका भी उल्लेखनीय रही है. उन्होंने कहा कि बिहार के इस प्रतिष्ठित अभियंत्रण महाविद्यालय की उपलब्धियों और यहां के विद्यार्थियों के रचनात्मक कार्यों को जानने की उत्सुकता ही उन्हें यहां तक लेकर आई है. उन्होंने भविष्य में अपनी पूरी टीम के साथ पुनः संस्थान का दौरा करने की इच्छा भी व्यक्त की.
इस अवसर पर बाल ज्योति खादी ग्रामोद्योग के अभियंता चन्दन, परिधान विन्यास विशेषज्ञ रूपक कुमार, ओम साईं संस्थान के अभियंता सिद्धार्थ कुमार तथा दीपक कुमार भी उपस्थित रहे.
विदेशी विशेषज्ञों का संस्थान आगमन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजन सरकार ने कहा कि विदेशी विशेषज्ञों का संस्थान आगमन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है. इससे उन्हें वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा और नवाचार को प्रदर्शित करने की प्रेरणा मिलती है तथा उनके भीतर नई ऊर्जा का संचार होता है.
Also Read: गुरारू रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क पर धंस रही पुलिया, लोगों में डर का माहौल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










