गयाजी में पुलिस का बड़ा एक्शन, ज्वेलरी कारोबारी लूटकांड में SIT की ताबड़तोड़ छापेमारी, एक आरोपी गिरफ्तार
Published by : Sakshi kumari Updated At : 05 Jun 2026 10:42 AM
गुरुआ थाना की तस्वीर
Gayaji News: गयाजी जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. गुरुआ बाजार में ज्वेलरी कारोबारी से हुई लूट की घटना के खुलासे के लिए विशेष जांच दल (SIT) लगातार छापेमारी कर रही है.
गुरुआ से डॉ. प्रमोद कुमार वर्मा की रिपोर्ट
Gayaji News: गयाजी जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है.एक ओर जहां पूर्व मामले के फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. वहीं गुरुआ बाजार में ज्वेलरी कारोबारी से हुई लूट की घटना के खुलासे के लिए विशेष जांच दल (SIT) लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस का दावा है कि मामले में जल्द बड़ा खुलासा हो सकता है.
गुप्त सूचना पर मटुआ गांव से आरोपी गिरफ्तार
गुरुआ थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के मटुआ गांव में छापेमारी कर पूर्व के एक मामले में आरोपित नन्हकु पासवान को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस टीम ने उसे उसके गांव से हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है.
पूछताछ के बाद होगी न्यायिक कार्रवाई
थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से आवश्यक पूछताछ की जा रही है. पूछताछ पूरी होने के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में फरार चल रहे अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है.
ज्वेलरी कारोबारी लूटकांड पर पुलिस की पैनी नजर
इधर, गुरुआ बाजार में आभूषण व्यवसायी प्रभाकर प्रसाद वर्णवाल के साथ हुई लूटपाट की घटना को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है. मामले के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है.
संभावित ठिकानों पर लगातार हो रही छापेमारी
पुलिस टीम विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. इसके साथ ही तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर भी जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है. पुलिस का मानना है कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं.
वरीय अधिकारियों ने की समीक्षा बैठक
घटना की गंभीरता को देखते हुए विभाग के कई वरीय अधिकारी गुरुआ पहुंचे. अधिकारियों ने पुलिस पदाधिकारियों और SIT टीम के साथ समीक्षा बैठक कर जांच की प्रगति का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. मामले के जल्द खुलासे के लिए टीम को विशेष निर्देश दिए गए हैं.
आधा दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ
सूत्रों के अनुसार लूटकांड की जांच के दौरान अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही मामले में बड़ी सफलता मिलेगी और घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sakshi kumari
साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










