गया : तेज रफ्तार बस ने भेड़ों के झुंड को रौंदा, दर्जनभर से ज्यादा की मौत, ग्रामीणों ने सड़क किया जाम
आक्रोशित को समझाते पुलिस पदाधिकारी, सड़क पर मृत पड़े भेड़ | Prabhat Khabar Network
गया जी के टिकारी-पंचानपुर मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार बस ने भेड़ों के झुंड को कुचल दिया, जिससे दर्जनभर से अधिक भेड़ों की मौत हो गई. घटना से गुस्साए पशुपालकों ने सोमवार सुबह सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बस की पहचान कर कार्रवाई का भरोसा देकर जाम हटवाया.
गया जी के टिकारी-पंचानपुर मुख्य मार्ग पर जोलहबिगहा पेट्रोल पंप से महज कुछ दूरी पर एक तेज रफ्तार यात्री बस ने सड़क पर जा रहे भेड़ों के झुंड को बेरहमी से रौंद दिया. इस भीषण हादसे में दर्जनभर से अधिक भेड़ों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के दौरान वहां मौजूद भेड़ पालकों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई.

पंचानपुर थाना क्षेत्र के शहवाजपुर गांव के रहने वाले पीड़ित भेड़ पालकों ने बताया कि वे लाव गांव से अपनी भेड़ों के झुंड को लेकर शहवाजपुर वापस लौट रहे थे.
इसी दौरान सामने से बेहद तेज गति में आ रही एक यात्री बस ने भेड़ों के झुंड को अपनी चपेट में ले लिया और रौंदते हुए तेजी से आगे निकल गई. घटना की सूचना मिलते ही टिकारी थाने की पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली.
मुआवजे की मांग को लेकर सुबह किया सड़क जाम
सोमवार की सुबह बड़ी संख्या में आक्रोशित पशुपालक और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए तथा मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन के कारण मार्ग पर कुछ समय तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

सूचना मिलते ही पुलिस बल दोबारा मौके पर पहुंचा और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर उचित कानूनी कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम को हटाया गया और यातायात सुचारू हुआ.
पुलिस कर रही बस की तलाश, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
टिकारी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहन जांच की गई है. फुटेज के आधार पर भेड़ों को रौंदने वाली लापरवाह बस की पहचान करने का काम तेजी से जारी है.
Also Read : पासपोर्ट बनवाने के लिए पटना जाने की जरूरत नहीं, गया जी में 5 दिन लगेगा विशेष शिविर, 275 स्लॉट
पुलिस को पशुपालकों की ओर से लिखित शिकायत भी प्राप्त हो चुकी है. प्राप्त शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. इस हादसे में भारी संख्या में मवेशियों की मौत से पशुपालकों में भारी आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए