बिहार की लुटेरी दुल्हन ने यूपी के दूल्हे को ऐसे लगाया चूना, पहले लिए सात फेरे, फिर लाखों रुपए लेकर हो गई फरार

Updated:
विज्ञापन

लुटेरी दुल्हन की सांकेतिक तस्वीर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Gaya Ji Looteri Dulhan : गया जी में एक लुटेरी दुल्हन गिरोह ने उत्तर प्रदेश के युवक को निशाना बनाया. विष्णुपद मंदिर में शादी के नाम पर ₹1.26 लाख की ठगी की गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है.

विज्ञापन

Gaya Ji Looteri Dulhan : गया जी में लुटेरी दुल्हन गिरोह ने उत्तर प्रदेश के एक युवक को अपने जाल में फंसाकर शादी के नाम पर बड़ी ठगी की है. कथित तौर पर आरोपियों ने विष्णुपद मंदिर में युवक की शादी कराई और एक लाख 26 हजार रुपये लेकर दुल्हन के साथ फरार हो गए. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो संदिग्ध सदस्यों को हिरासत में लिया है.

विज्ञापन

यूपी से दुल्हन की तलाश में गया आया था युवक

जानकारी अनुसार, उत्तर प्रदेश के बदायूं-शाहाबाद इलाके के नरेंद्रपुर गांव का रहने वाला हेमेंद्र दुल्हन की तलाश में गया पहुंचा था. गिरोह के सदस्यों ने उसे अपने झांसे में लिया और गुरुवार को विष्णुपद मंदिर में उसकी शादी करवा दी. शादी संपन्न होने के बाद आरोपी ने युवक से एक लाख 26 हजार रुपये ऐंठ लिए. इसके बाद वे सभी रुपये और नई नवेली दुल्हन को लेकर मौके से चंपत हो गए.

सड़क पर मुंहबोले मामा को देख दूल्हे ने पकड़ा

ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित दूल्हा हेमेंद्र अपनी दुल्हन की तलाश में गया शहर की सड़कों पर भटक रहा था. गुरुवार की रात करीब नौ बजे सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के पास उसे गिरोह के सदस्य नजर आए. उसने बाइक से जा रहे दुल्हन के मुंहबोले मामा और उसके सहयोगी को पहचान लिया और उन्हें बीच सड़क पर पकड़ लिया. युवक द्वारा हंगामा करने और अपने रुपये वापस मांगने पर वहां भारी भीड़ जमा हो गई.

पुलिस ने दो आरोपियों को लिया हिरासत में

हंगामे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और सिविल लाइंस थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने पीड़ित हेमेंद्र की निशानदेही पर दोनों आरोपी युवकों को तुरंत अपनी हिरासत में ले लिया. पुलिस ने उनकी बाइक और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और दोनों को थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान बोधगया के हरली गांव निवासी भरत साव और हरली खुर्द के बौरवल यादव के रूप में हुई है.

सिटी डीएसपी ने दिए गहन जांच के आदेश

आरोपी भरत साव ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि शादी नवादा के युवकों ने कराई थी और रुपये भी वही लोग लेकर भागे हैं. इस मामले पर गया के सिटी डीएसपी सरोज कुमार शाह ने बताया कि यूपी के युवकों को गया बुलाकर ठगने के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं. फिलहाल बोधगया के दो युवकों से पूछताछ चल रही है और इस पूरे लुटेरी दुल्हन गिरोह का जल्द ही पर्दाफाश होने की उम्मीद है. पुलिस को इस मामले के सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच करने का सख्त निर्देश दिया गया है.

Also Read : गया जी में आंधी-बारिश का कहर, ड्यूटी जा रहे रेलकर्मी पर गिरा पेड़, मौके पर मौत


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन