गया जी में आधी रात घर में घुसे बदमाश, हथियार के बल पर लाखों के जेवरात लूटे

Updated:
विज्ञापन

घर में चोरी के बाद बिखरा सामान

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Gaya ji Dacoity Case: गया के मगध मेडिकल थाना क्षेत्र में रिटायर्ड माइनिंग सरदार के घर डकैती की वारदात. अपराधियों ने हमला कर 60 हजार रुपये नकद और लाखों के जेवरात लूट लिए.

विज्ञापन

गया जी से रोशन कुमार की रिपोर्ट
Gaya ji Dacoity Case:
गया जी के मगध मेडिकल थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने एक रिटायर्ड माइनिंग सरदार के घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया. विरोध करने पर गृहस्वामी पर लोहे के हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया. अपराधी 60 हजार रुपये नकद और करीब पांच लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गये. घटना के बाद पुलिस ने डॉग स्क्वाड की मदद से जांच शुरू की है.

विज्ञापन

देर रात रिटायर्ड माइनिंग सरदार के घर कैसे हुई वारदात?

गया जी के मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के घुटिया रोड स्थित शिव मंदिर के पास रहने वाले कोल फील्ड से रिटायर्ड माइनिंग सरदार उपेंद्र सिंह के घर में देर रात अपराधी घुस गये. पीड़ित के अनुसार रात करीब तीन बजे उनकी नींद खुली और वह बाथरूम की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उन्होंने घर की चहारदीवारी के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा. शोर मचाने की कोशिश करते ही अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया.

बदमाश अपने साथ क्या-क्या लूटकर ले गये?

पीड़ित गृहस्वामी ने बताया कि अपराधी घर में रखे करीब 60 हजार रुपये नकद के अलावा सोने का झुमका, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की पायल समेत करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात लेकर फरार हो गये. घायल होने के बावजूद उन्होंने चोर-चोर का शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी मौके से भाग चुके थे.

पुलिस को जांच में कौन सा अहम सुराग मिला?

घटना की सूचना मिलने के बाद मगध मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. छानबीन के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास अपराधियों का एक जोड़ा चप्पल मिला. इसके बाद थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने वरीय अधिकारियों को सूचना देकर डॉग स्क्वाड की टीम बुलायी.

डॉग स्क्वाड की जांच में नाली से क्या बरामद हुआ?

डॉग स्क्वाड के प्रशिक्षित कुत्ते ने अपराधियों के छूटे चप्पल को सूंघने के बाद आसपास तलाश शुरू की और पास की एक पानी भरी नाली तक पहुंच गया. पुलिस और परिजनों ने नाली की तलाशी ली, जहां से एक घड़ी और जेवरात रखने वाला डिब्बा बरामद हुआ. आशंका है कि यह सामान अपराधियों ने भागने के दौरान फेंका होगा.

पीड़ित परिवार ने पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर क्या आरोप लगाया?

पीड़ित परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने मौके पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की. हालांकि बाद में मामले की जानकारी मिलने पर मगध मेडिकल थाना पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए जांच तेज की और डॉग स्क्वाड की मदद ली.

मामले को लेकर पुलिस का क्या कहना है?

मगध मेडिकल थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. डॉग स्क्वाड की मदद से भी साक्ष्य जुटाये गये हैं. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गयी है तथा लगातार छानबीन की जा रही है.

यह भी पढ़ें: गया जी में ज्वेलरी लूटकांड का आरोपी गिरफ्तार, कल दो बदमाशों को पुलिस ने मारी थी गोली

अब आगे पुलिस की जांच किस दिशा में बढ़ेगी?

पुलिस बरामद सामान, घटनास्थल से मिले सुराग और स्थानीय जानकारी के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. साथ ही आसपास के संभावित मार्गों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जायेगा.

Also Read: ट्रेन में छूट गया था नकदी और दस्तावेजों से भरा बैग, आरपीएफ गया ने खोजकर यात्री को लौटाया

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन