गया जी : शाम से लापता थे 65 वर्षीय होरिल यादव, आहर के गहरे पानी से सुबह बरामद हुआ शव
शव बरामद होने के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण.
गया जी के टनकुप्पा प्रखंड में भैंस चराने निकले 65 वर्षीय होरिल यादव का शव शनिवार सुबह बड़की आहर से बरामद हुआ. 12 घंटे की तलाश के बाद मिले शव से परिजनों में कोहराम मच गया है.
गया जी के टनकुप्पा प्रखंड क्षेत्र की बहसापीपरा पंचायत के कत्थाडीह गांव में शुक्रवार की शाम भैंस घुमाने निकले 65 वर्षीय होरिल यादव का शव शनिवार की सुबह बड़की आहर से बरामद किया गया. करीब 12 घंटे तक परिजन और ग्रामीण आहर के पानी में उनकी लगातार तलाश करते रहे.
शनिवार की सुबह करीब छह बजे शव मिलने के बाद परिजन उसे रोते-बिलखते घर ले गए. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया है.
होरिल यादव कत्थाडीह गांव के ही निवासी थे. वह शुक्रवार की शाम करीब साढ़े सात बजे अपनी भैंसों को घुमाने के लिए बड़की आहर की ओर निकले थे. जब वह देर रात तक अपने घर नहीं लौटे, तो परिवार के सदस्यों को गहरी चिंता सताने लगी. इसके बाद स्वजन और ग्रामीण उनकी खोजबीन में जुट गए.
आहर के बाहर मिला जूता, गहरे पानी में डूबने की आशंका
तलाश के दौरान रात में आहर के बाहरी हिस्से के पास होरिल यादव का जूता मिल गया. जूता मिलने के बाद स्वजनों को उनके आहर के गहरे पानी में डूबने की आशंका हुई.
इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत आहर में उतरकर और आसपास के क्षेत्र में रातभर उनकी तलाश जारी रखी. काफी मशक्कत और खोजबीन के बाद शनिवार की सुबह करीब छह बजे आहर से उनका शव बरामद कर लिया गया.
घर में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम
शव मिलने की मनहूस खबर मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया और घर में चीख-पुकार शुरू हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचे और दुखी परिजनों को ढांढस बंधाया. इस अचानक हुई दुर्घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
फतेहपुर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया है. पुलिस इस पूरी दुर्घटना के संबंध में अन्य आवश्यक जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए