गया जी : परवाना वाली जमीन पर मनरेगा का पौधरोपण, महादलित परिवार ने उठाए सवाल, बीडीओ बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
परवाना धारी केन्दुआ गांव के महादलित परिवार | Prabhat Khabar Network
डुमरिया प्रखंड में जमीन विवाद ने मनरेगा की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक महादलित परिवार का आरोप है कि उनकी परवाना-धारी जमीन पर बिना सूचना के पौधरोपण कर दिया गया. मामले की जांच शुरू हो गई है.
डुमरिया प्रखंड की छकरबंधा पंचायत के केनुआटांड़ गांव में जमीन विवाद को लेकर मनरेगा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं. एक महादलित परिवार ने दावा किया है कि करीब एक एकड़ 50 डिसमिल जमीन पर वर्षों से उसका कब्जा है और वह नियमित रूप से राजस्व रसीद भी कटवा रहा है. परिवार का आरोप है कि इसके बावजूद उसी जमीन पर मनरेगा योजना के तहत पौधरोपण करा दिया गया.
1995-96 में परवाने से जमीन मिलने का दावा
पीड़ित शिवम भुइयां और सरोज भुइयां ने बताया कि खाता संख्या 521 और प्लॉट संख्या 3963 की जमीन उनके परिवार को वर्ष 1995-96 में परवाने के माध्यम से मिली थी. उनका कहना है कि परवाना मिलने के बाद से ही परिवार जमीन पर काबिज है और नियमित रूप से राजस्व रसीद कटवा रहा है.
बिना सूचना पौधरोपण कराने का आरोप
परिवार के अनुसार, करीब एक माह पहले उनकी जानकारी और सहमति के बिना उक्त जमीन पर मनरेगा के तहत पौधरोपण करा दिया गया. अब पौधों की सुरक्षा के लिए जमीन की कांटेदार तार से घेराबंदी की तैयारी की जा रही है. मौके पर तार और खंभे भी रखे जाने की बात सामने आई है.

विरोध करने पर अभद्र व्यवहार का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने पौधरोपण का विरोध करते हुए जमीन पर परवाना होने की बात बताई, तो उनके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया. परिवार के मुताबिक, उन्हें धमकी देकर मौके से भगा दिया गया. पीड़ितों ने बताया कि परिवार के गुजर-बसर का मुख्य साधन यही जमीन है.
मनरेगा पीओ ने कराया स्थल का भौतिक सत्यापन
मामले में डुमरिया मनरेगा पीओ निर्भय कुमार ने बताया कि ग्रामीण से सूचना मिलने के बाद स्थल पर जाकर भौतिक सत्यापन किया गया है. दोनों पक्षों से जमीन से संबंधित जानकारी ली गई है. उन्होंने बताया कि जमीन की प्रकृति और वास्तविक स्थिति को लेकर अंचल कार्यालय से भी रिपोर्ट मांगी जा रही है.
रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
मनरेगा पीओ के अनुसार, अंचल कार्यालय की रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, बीडीओ पंकज कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है. जमीन और मनरेगा योजना की जांच कराई जाएगी. जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : गया जी : गुरुआ में वाहन जांच के दौरान 25 लीटर महुआ शराब बरामद, बाइक चालक गिरफ्तार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए