गया जी : एक साल से अधूरी नाली, एक माह से घरों में घुस रहा गंदा पानी; वजीरगंज में ग्रामीण परेशान
घर में जमा गंदा पानी | Prabhat Khabar Network
गया जी के वजीरगंज में एक साल से अधूरी नाली के कारण ग्रामीण परेशान हैं. पिछले एक महीने से कई घरों में गंदा पानी घुस रहा है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है.
गया जी जिले के वजीरगंज महुएत पंचायत के हुड़राही गांव में नाली की समुचित निकासी नहीं होने से करीब एक माह से कई घरों में गंदा पानी प्रवेश कर रहा है. इससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गयी है. जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे लोगों में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है.
घरों तक पहुंचा पानी
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में जलजमाव की समस्या करीब एक वर्ष से है. बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती है. कई घरों के कमरे, रसोई और पूजा स्थल तक नाली का पानी पहुंच रहा है. जिन घरों में पानी नहीं घुसा है, वहां के लोगों को भी आने-जाने में गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है.
अधूरा नाली निर्माण
ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले नाली निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन काम पूरा नहीं हो सका. मुख्य निकासी की व्यवस्था नहीं होने से पानी गलियों में जमा हो रहा है. निचले हिस्से में बने घरों में भी पानी प्रवेश कर रहा है.

प्रशासन से शिकायत
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या की जानकारी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार दी गयी, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ. भूमि संबंधी आपत्ति के कारण नाली का काम बाधित होने की बात भी सामने आयी है.
बीडीओ का आश्वासन
बीडीओ प्रभाकर सिंह ने बताया कि समस्या की जानकारी है. अधूरी नाली को पूरा कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. भूमि संबंधी समस्या के समाधान के लिए अंचलाधिकारी से नापी कराने को कहा जायेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए