गया जी : डोभी में युवक की हत्या मामले में परिजन पहुंचे आईजी के पास, एसआईटी जांच की मांग

मृतक की फाइल फोटो. | Prabhat Khabar Network
गया जी के डोभी में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर उसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई. परिजनों ने घटना के 6 दिन बाद भी नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मगध प्रक्षेत्र से मुलाकात कर एसआईटी जांच की मांग की है.
Gaya Ji News : गया जी के डोभी थाना क्षेत्र के जीटी रोड, चतरा मोड़ स्थित पीएनबी बैंक के समीप 16 जुलाई 2026 की रात एक दर्दनाक घटना में सिद्धार्थ कुमार मिश्र की कमर के रीढ़ के पास धारदार हथियार या फिर गोली मारकर हत्या कर दी गई और शव वहीं फेंक दिया गया.
मृतक के पिता शिक्षक सतीश मिश्रा एवं अन्य लोगों ने बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मगध प्रक्षेत्र विकास वैभव से मिलकर बताया कि हत्यारों द्वारा हत्या कर इसे दुर्घटना का रूप देने की साजिश की गई.
6 दिन बीतने के बाद भी अभियुक्तों की नहीं हुई गिरफ्तारी
परिजनों ने आईजी को बताया कि घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. यहां तक कि पुलिस ने उस बाइक को भी अभी तक जब्त नहीं किया है, जिसका इस्तेमाल हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए किया गया था. और न ही उस बाइक चालक की गिरफ्तारी हुई है, जो 112 की टीम को देखकर भागा था.
इसलिए परिजनों ने मांग की है कि एसआईटी (SIT) का गठन कर इस हत्या की निष्पक्ष जांच कराई जाए.
डोभी थाना में दर्ज कराई गई है प्राथमिकी
मृतक के पिता ने बताया कि घटना की सूचना देते हुए परिजन 17 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कराने थाना पहुंचे थे और 18 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 एवं 61(2) के अंतर्गत डोभी थाना कांड संख्या 170/26 दर्ज कराई गई.
हालांकि मामला दर्ज हुए लगभग छह दिन बीत चुके हैं, परंतु अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. परिजनों ने आरोप लगाया है कि डोभी पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के लिए सार्थक कदम नहीं उठाए जा रहे हैं.
सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन की जांच की मांग
पिता ने कहा कि घटना के समय आसपास के सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल लोकेशन की जांच और जल्द गिरफ्तारी की जरूरत है, अन्यथा न्याय नहीं मिलेगा. परिजन और स्थानीय लोगों ने न्याय की मांग को लेकर पुलिस महानिरीक्षक मगध प्रक्षेत्र से एसआईटी गठित कर त्वरित कार्रवाई कराने का आग्रह किया.
आईजी ने शेरघाटी 2 डीएसपी को दिए निर्देश
इस आवेदन के आलोक में पुलिस महानिरीक्षक मगध प्रक्षेत्र विकास वैभव ने शेरघाटी 2 डीएसपी राजन कुमार को इस मामले की निगरानी कर कार्रवाई सुनिश्चित करने और न्यायसंगत कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










