गया जंक्शन पर चेरलापल्ली-पटना एक्सप्रेस से 22 किलो गांजा बरामद, तस्कर फरार
जप्त गांजा के पास आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ इंस्पेक्टर व अन्य जवान शामिल | Prabhat Khabar Network
गया जंक्शन पर चेरलापल्ली-पटना एक्सप्रेस से 22 किलो गांजा बरामद किया गया है। हालांकि, इस दौरान गांजा तस्कर पुलिस की पकड़ से बच निकला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गया जंक्शन पर चलाये जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान शुक्रवार को रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने चेरलापल्ली-पटना एक्सप्रेस ट्रेन से करीब 22 किलो गांजा बरामद किया है.
आपके शहर में
हालांकि, कार्रवाई के दौरान गांजा तस्कर पुलिस के हाथ नहीं लग सका. बरामद गांजा को जब्त कर रेल थाना गया में अज्ञात तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
विशेष जांच अभियान के दौरान मिला गांजा
रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार और आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि गया जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
इसी क्रम में शुक्रवार को गया जंक्शन पर पहुंचने वाली और यहां से गुजरने वाली ट्रेनों में सघन जांच की जा रही थी.
चेरलापल्ली-पटना एक्सप्रेस में लावारिस बैग मिले
जांच के दौरान चेरलापल्ली-पटना एक्सप्रेस ट्रेन में दो-तीन बैग लावारिस हालत में पड़े मिले. आसपास मौजूद यात्रियों से बैग के संबंध में पूछताछ की गयी, लेकिन किसी ने भी उस पर अपना दावा नहीं किया. संदेह होने पर वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी गयी.
Also Read : आधार में DOB 1975, पोर्टल पर 1966; डेट ऑफ बर्थ की गलती ने रेणु को 9 साल पहले ही कर दिया रिटायर
अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई
सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह के निर्देश पर टीम ने बैग को खोलकर जांच की. बैग के अंदर गांजा बरामद होने के बाद उसे जब्त कर लिया गया. रेल पुलिस ने बरामद गांजा को जब्त कर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
सीसीटीवी फुटेज से तस्करों की तलाश जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किसका था और इसे कहां से लाया गया था तथा कहां पहुंचाया जाना था. इसके लिए ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरों और स्टेशन परिसर में लगे निगरानी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा रही है.
सीनियर कमांडेंट दिनेश सिंह तोमर ने बताया कि गया जंक्शन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. ट्रेनों में संदिग्ध सामान और यात्रियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए