यात्रियों को राहत: दिल्ली से बिहार के इन 6 शहरों के लिए चलेंगी AC लग्जरी बसें, किफायती टिकट प्राइस भी
AC बसें (सांकेतिक तस्वीर)
Delhi to Bihar Bus Service: बिहार और दिल्ली के बीच छठ पूजा से पहले 50 से ज्यादा एसी बसें चलाई जायेंगी. कई बार त्योहार के मौके पर ट्रेनों में भीड़भाड़ की स्थिति देखी जाती है. कुछ लोगों को तो टिकट तक नहीं मिल पाता है. ऐसी स्थिति में बसों के चलाए जाने से लोगों को राहत मिल सकेगी.
Delhi to Bihar Bus Service: हर साल छठ पूजा के मौके पर दिल्ली से बिहार आने वाली ट्रेनों में भीड़भाड़, प्लेटफॉर्म पर धक्का-मुक्की, वेटिंग लिस्ट समेत कुछ ऐसा ही नजारा देखने के लिए मिलता है. लेकिन इस बार सरकार ने पहले ही तैयारी शुरू कर दी है. पर्व-त्योहार के मौके पर बिहार आने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है. अगर ट्रेन में टिकट नहीं भी मिलता है तो आसानी से दिल्ली से बिहार आ सकेंगे.
50 से ज्यादा चलेंगी लग्जरी बसें
दिल्ली सरकार छठ पूजा से पहले बिहार के लिए 50 से ज्यादा AC लग्जरी इंटर-स्टेट बसें शुरू करने की तैयारी कर रही है. इन बसों को चलाने का मकसद त्योहार के दौरान ट्रेनों पर पड़ने वाले दबाव को कम करना और यात्रियों को किफायती और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है.
बिहार और दिल्ली के बीच होगा समझौता
दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह की माने तो, यह योजना दिल्ली और बिहार सरकार के बीच होने वाले एक समझौते (MoU) का हिस्सा है. सरकार का लक्ष्य है कि छठ से पहले ही बसों का संचालन शुरू हो जाए. शुरुआत में ये बसें बिहार के 6 प्रमुख शहरों को दिल्ली से जोड़ेंगी. इनमें पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर जैसे शहर शामिल हैं.
प्राइवेट बसों से कम होगा किराया
सबसे खास बात यह है कि इन सरकारी बसों का किराया प्राइवेट बसों की तुलना में कम रखने की योजना है, ताकि आम यात्रियों की जेब पर ज्यादा बोझ न पड़े. यानी कम खर्च में आरामदायक AC सफर का ऑप्शन मिल सकता है. गौर करने वाली बात यह भी है कि इन बसों की सुविधा सिर्फ छठ तक ही नहीं मिलेगी बल्कि बसों को पूरे साल चलाया जाएगा. इससे न केवल यात्रियों को फायदा मिलेगा, बल्कि दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (DTC) की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी.
क्या कहना है अधिकारियों का?
अधिकारियों के मुताबिक, लंबी दूरी के लिए 12 मीटर लंबी, एयर-कंडीशन्ड और पर्याप्त लगेज स्पेस वाली बसें चलाई जाएंगी. फिलहाल लंबी दूरी के रूट पर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी को देखते हुए इलेक्ट्रिक बसों की जगह आधुनिक BS-VI बसों को प्राथमिकता दी जाएगी. इनका संचालन वेट-लीज मॉडल पर होगा, जिसमें एक कॉन्ट्रैक्टर बसों का संचालन करेगा.
कब तक साइन होगा एमओयू?
मिली जानकारी के अनुसार, संभावना जताई जा रही है कि दिल्ली और बिहार सरकार के बीच सितंबर महीने में एमओयू साइन किया जा सकता है. इसके बाद ही बसें चलाई जायेंगी. यह भी कहा जा रहा है कि अगर यात्रियों की तरफ से इस सुविधा को लेकर अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है तो आगे बसों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है.
Also Read: बिहार के इन 19 जिलों में आज बिगड़ा रहेगा मौसम, तेज हवा के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए