बाइक धीमी चलाने की नसीहत पर घर में घुसकर मारपीट, जातिसूचक गाली देने का आरोप

सांकेतिक तस्वीर
जाले थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक चलाने से मना करने पर युवकों ने एक परिवार पर हमला कर दिया. मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे डीएमसीएच रेफर किया गया है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
Darbhanga News: जाले थाना क्षेत्र की रेवढ़ा पंचायत के वार्ड संख्या-16 स्थित मनामखेदू गांव में तेज रफ्तार बाइक चलाने से मना करने पर घर में घुसकर मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है. पीड़ित कारी पासवान ने थाना में लिखित आवेदन देकर 12 युवकों पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
Jale News: बाइक धीमी चलाने की बात पर हुआ विवाद
कारी पासवान ने आवेदन में बताया कि 16 जुलाई को दोपहर करीब एक बजे चार बाइक पर सवार 12 युवक गांव की सड़क पर तेज गति से बार-बार आ-जा रहे थे. सड़क किनारे विद्यालय होने के कारण उन्होंने युवकों से बाइक धीमी चलाने का अनुरोध किया. आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सभी युवक उनके घर में घुस आए और जातिसूचक गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी.
महिला गंभीर घायल, डीएमसीएच रेफर
मारपीट के दौरान उनकी पत्नी देव सुन्दर देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने मनमा-पिठरिया निवासी यश पुरी और आशीष सिंह को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए. घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद देव सुन्दर देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया गया.
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले की जांच एसआई शिवजी कुमार सिंह को सौंपी गई है. फरार अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें:दरभंगा में कार से 952 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










