सुपौल-दरभंगा फोरलेन के लिए एनएचएआई ने जारी किया टेंडर, डीपीआर बनाने की प्रक्रिया शुरू
सांकेतिक तस्वीर
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सुपौल से दरभंगा तक प्रस्तावित फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना की प्रक्रिया को तेज कर दिया है. परियोजना के लिए डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने हेतु अंतरराष्ट्रीय कंसल्टेंसी सेवा का टेंडर जारी किया गया है. यह फोरलेन दरभंगा, मधुबनी और सुपौल को सीधे जोड़ेगी, जिससे आवागमन तेज और सुरक्षित होगा.
Darbhanga News: मिथिला के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सुपौल से दरभंगा तक प्रस्तावित फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना की प्रक्रिया तेज कर दी है. परियोजना के लिए डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने हेतु अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कंसल्टेंसी सेवा का टेंडर जारी किया गया है. प्रस्तावित फोरलेन करीब 80 किलोमीटर लंबी होगी और सुपौल को बेड़िया मंच तथा मधेपुर के रास्ते दरभंगा से जोड़ेगी.
आपके शहर में
नौ माह में तैयार होगी डीपीआर
टेंडर दस्तावेज के अनुसार चयनित कंसल्टेंसी एजेंसी को डीपीआर तैयार करने के लिए नौ माह का समय दिया जाएगा. इस दौरान सड़क की व्यवहार्यता, भूमि अधिग्रहण, पुल-पुलिया, यातायात घनत्व, पर्यावरणीय प्रभाव तथा निर्माण लागत सहित सभी तकनीकी पहलुओं का विस्तृत अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी.
डीपीआर के बाद निर्माण प्रक्रिया होगी शुरू
डीपीआर तैयार होने और स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के निर्माण से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. इसके बाद भूमि अधिग्रहण और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा कर सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा.
दरभंगा, मधुबनी और सुपौल को मिलेगा सीधा लाभ
प्रस्तावित फोरलेन बनने से दरभंगा, मधुबनी और सुपौल जिले के बीच आवागमन पहले से अधिक तेज और सुरक्षित होगा. यात्रा समय में कमी आएगी, माल परिवहन आसान होगा तथा व्यापार, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई गति मिलेगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस सड़क की मांग की जा रही थी और अब टेंडर जारी होने से परियोजना के जल्द धरातल पर उतरने की उम्मीद बढ़ गई है.
यह भी पढ़ें: पंजाब पुलिस एक युवक को लेकर पहुंची दरभंगा, ज्वेलर्स दुकानों में की जांच
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए