मुरैठा पुल का ध्वस्त डायवर्सन मरम्मत के बाद चालू, कामचलाऊ व्यवस्था पर उठे सवाल

Updated:
विज्ञापन
मुरैठा पुल का ध्वस्त डायवर्सन मरम्मत के बाद चालू, कामचलाऊ व्यवस्था पर उठे सवाल

दो ह्यूम पाइप डालकर डायवर्सन चालू. | Prabhat Khabar Network

मरैठा के खनुआ में निर्माणाधीन पुल का ध्वस्त डायवर्सन मरम्मत के बाद आवागमन के लिए खोल दिया गया है. हालांकि, इसकी मरम्मत को 'कामचलाऊ' बताया जा रहा है, जिससे इसके स्थायित्व पर सवालिया निशान लगे हैं.

विज्ञापन

Darbhanga Muraitha Diversion: दरभंगा जिले के जाले प्रखंड अंतर्गत मुरैठा पंचायत के खनुआ में निर्माणाधीन आरसीसी पुल का ध्वस्त डायवर्सन मरम्मत के बाद एक बार फिर आवागमन के लिए खोल दिया गया है. कार्य एजेंसी ने क्षतिग्रस्त हिस्से में दो ह्यूम पाइप लगाकर डायवर्सन की मरम्मत की है, जिससे स्थानीय लोगों को फिलहाल राहत मिली है. हालांकि, ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस मरम्मत को अस्थायी बताते हुए इसकी गुणवत्ता और मजबूती पर सवाल उठाए हैं.

दो ह्यूम पाइप लगाकर बहाल किया गया रास्ता

कुछ दिन पहले डायवर्सन क्षतिग्रस्त होने से इलाके में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था. इसके बाद निर्माण एजेंसी ने मरम्मत कार्य कर दो ह्यूम पाइप लगाकर रास्ते को दोबारा चालू कर दिया. अब छोटे-बड़े वाहन और राहगीर डायवर्सन से होकर गुजर रहे हैं.

डायवर्सन चालू होने से आसपास के गांवों के लोगों को राहत मिली है, जिन्हें वैकल्पिक रास्तों से लंबी दूरी तय करनी पड़ रही थी.

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जताई चिंता

मस्सा के सामाजिक कार्यकर्ता सुदिष्ट ठाकुर, राधेश्याम ठाकुर और संजय प्रसाद ने कहा कि वर्तमान मरम्मत केवल कामचलाऊ व्यवस्था है. उनका कहना है कि नदी में पानी के प्रवाह को देखते हुए कम से कम चार से पांच ह्यूम पाइप लगाए जाने चाहिए थे.

उनका मानना है कि इससे डायवर्सन अधिक मजबूत और टिकाऊ बनता तथा भविष्य में इसके फिर से क्षतिग्रस्त होने की आशंका कम रहती.

बढ़े जलस्तर में फिर टूटने का डर

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में बारिश तेज हुई और नदी का जलस्तर बढ़ा, तो वर्तमान व्यवस्था पानी के तेज बहाव का दबाव झेल नहीं पाएगी. ऐसे में डायवर्सन दोबारा क्षतिग्रस्त हो सकता है, जिससे आवागमन फिर बाधित होने की आशंका है.

फिलहाल मरम्मत के बाद यातायात सामान्य हो गया है, लेकिन ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग से स्थायी एवं मजबूत समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है.


विज्ञापन
Keshwendra Pratap Tha

लेखक के बारे में

By Keshwendra Pratap Tha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन