चार दिन से लापता मानसिक रूप से बीमार युवती सुपौल बाजार में मिली, परिजनों को सौंपा
थाना पर भटकी युवती को बिरौल पुलिस ने परिजनों से मिलाया | Prabhat Khabar Network
बिरौल पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए सुपौल बाजार में भटक रही 20 वर्षीय मानसिक रूप से बीमार युवती को उसके परिजनों से मिलवाया. चार दिन से लापता युवती के सकुशल मिलने पर परिवारजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया.
दरभंगा: बिरौल थाना की पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए सुपौल बाजार में भटक रही 20 वर्षीया मानसिक रूप से बीमार युवती को उसके परिजनों को सौंप दिया. युवती की पहचान बहेड़ी थाना क्षेत्र निवासी मो. मुस्तकीम की पुत्री रोशनी खातून के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की अहले सुबह करीब चार बजे गश्ती के दौरान भगत सिंह चौक, सुपौल बाजार में एक युवती संदिग्ध अवस्था में घूमती मिली. अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने उससे पूछताछ की तो वह घबराई हुई और अस्वस्थ लगी.
काउंसेलिंग के बाद पिता से किया संपर्क
काउंसेलिंग करने पर युवती ने सिर्फ इतना बताया कि उसके पिता दिल्ली में रहते हैं. इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसके पिता से संपर्क किया. पिता से बातचीत में पता चला कि युवती मानसिक रूप से बीमार है और चार दिन पहले घर से बिना बताए निकल गयी थी. परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे.
सूचना मिलते ही युवती के चाचा मो. नाजीर अली बिरौल थाना पहुंचे.
कागजी प्रक्रिया पूरी कर चाचा को सौंपा
थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि सभी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती को उसके चाचा के हवाले कर दिया गया. युवती के सकुशल मिलने पर परिजनों ने बिरौल पुलिस को धन्यवाद दिया.
यह भी पढ़ें
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए