सिपाही भर्ती परीक्षा: मैट्रिक स्तर के थे अधिकांश प्रश्न

Updated at : 25 Aug 2024 11:24 PM (IST)
विज्ञापन
सिपाही भर्ती परीक्षा: मैट्रिक स्तर के थे अधिकांश प्रश्न

सिपाही भर्ती परीक्षा रविवार को एक पाली में दाेपहर 12 बजे से दो बजे तक 16 केंद्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गयी.

विज्ञापन

दरभंगा. केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा पांचवें चरण के लिए आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा रविवार को एक पाली में दाेपहर 12 बजे से दो बजे तक 16 केंद्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गयी. आवंटित 10118 के विरुद्ध 7589 उपस्थिति एवं 2529 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. जिला मुख्य सहायक परीक्षा नियंत्रक सह एडीएम राजस्व नीरज कुमार दास प्रत्येक केंद्र पर संचालित परीक्षा की मॉनिटरिंग करते रहे. केंद्र पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी को स्वच्छ, निष्पक्ष, कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिया. इसके अलावा प्रतिनियुक्त उड़नदस्ता व जोनल दंडाधिकारी की टीम लगातार विभिन्न परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करती दिखी. सभी परीक्षा केंद्रों पर चार स्तरीय दंडाधिकारी के साथ काफी संख्या में सशस्त्र पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति थी. केंद्र में प्रवेश निर्धारित अवधि के डेढ़ घंटा पहले बंद कर दिया गया. अभ्यर्थियों को आवंटित केंद्र में सुबह 9.30 बजे से 10.30 बजे तक ही प्रवेश दिया गया. अभ्यर्थियों को सिर्फ इ प्रवेश पत्र और फोटो युक्त पहचान के साथ ही प्रवेश दिया जा रहा था. पेन या पेंसिल केंद्र परिसर में ले जाने की अनुमति नहीं थी. परीक्षा केंद्र पर कलम और पेंसिल तक ले जाने पर रोक थी. केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के अलावा अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही थी. परीक्षा केंद्र पर जैमर लगा हुआ था, ताकि मोबाइल या ब्लूटूथ से किसी भी तरह की धांधली नहीं की जा सके. राज हाइ स्कूल परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थी सुमित सिंह, पिंकू पासवान, अशोक महतो, जावेद अंसारी आदि ने बताया कि विज्ञान एवं गणित के कुछ प्रश्नों ने उलझाया, अन्य समसामयिक विषय से पूछे गए प्रश्न को हल करना आसान था. माड़वाड़ी हाइ स्कूल परीक्षा केंद्र से निकले अशोक कुमार, विवेक कुमार, गौरव यादव, राज कुमार आदि ने कहा कि 100 अंकों के प्रश्न पूछे गए थे. सभी प्रश्नों का उत्तर ऑब्जेक्टिव था. सभी प्रश्नों के उत्तर के लिए पांच-पांच ऑप्शन दिए गए थे. सही जवाब के लिए एक-एक अंक दिए गए थे. सर्वोदय उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर बाहर निकले महेश चौधरी, जीनत आलम, जमील अहमद आदि ने कहा कि अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक आदि से प्रश्न पूछे गए थे. अधिकांश प्रश्न मैट्रिक स्तर के थे. जिला मुख्य सहायक परीक्षा नियंत्रक नीरज कुमार दास ने बताया कि पाचवें चरण की आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा स्वच्छ, निष्पक्ष, कदाचारमुक्त, भयमुक्त वातावरण में शांतिपूर्वक संपन्न हुई है. कहीं से अप्रिय खबर नहीं है. छठे चरण की अंतिम परीक्षा 28 अगस्त को इन्हीं निर्धारित केंद्रों पर होगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन