दरभंगा-कमतौल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, दादा-पोती के साथ जा रहे बेटे की भी मौत
घटनास्थल पर जुटी भीड़
दरभंगा में कैंसर अस्पताल ले जाते समय एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी पोती गंभीर रूप से घायल है. पुलिस अज्ञात हाइवा की तलाश में जुटी है.
Darbhanga News: मब्बी थाना क्षेत्र में दरभंगा-कमतौल स्टेट हाईवे पर बेलौना चौर के समीप शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर बैठी पोती गंभीर रूप से घायल हो गई. मृतकों की पहचान बिस्फी थाना क्षेत्र के बलहा परवत्ता निवासी 74 वर्षीय महेंद्र प्रसाद साह और उनके पुत्र संजय साह के रूप में हुई है. घायल काजल कुमारी का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
Mabbi News: कैंसर अस्पताल ले जाते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार संजय साह अपने कैंसर पीड़ित पिता महेंद्र प्रसाद साह को इलाज के लिए दरभंगा स्थित कैंसर अस्पताल बाइक से लेकर जा रहे थे. उनकी पोती काजल पीछे बैठकर दादा को सहारा दे रही थी. इसी दौरान बेलौना चौर के पास तेज रफ्तार अज्ञात हाइवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि पिता-पुत्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घायल पोती को लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद काजल कुमारी गंभीर रूप से सड़क पर घायल पड़ी रही. सूचना मिलने पर शीशो पश्चिमी के पूर्व मुखिया शमसे आलम सहित स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल निजी अस्पताल भेजा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लोग मदद करने के बजाय घटना का वीडियो बनाने में लगे रहे.
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV खंगाले जा रहे
घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही. सूचना मिलने पर मब्बी थानाध्यक्ष रौशन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया तथा दुर्घटनाग्रस्त बाइक जब्त कर ली. थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात हाइवा की पहचान के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. जल्द ही चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों ने बताया कि संजय साह दिल्ली में नौकरी करते थे. पिता का इलाज कराने के लिए वह दो-तीन दिन पहले ही गांव लौटे थे. इलाज के लिए अस्पताल जाते समय हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए