दरभंगा में BSNL नेटवर्क होगा और मजबूत, 1622 मोबाइल टावरों पर स्वदेशी तकनीक का विस्तार

Updated:
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर, AI Generated Image

सांकेतिक तस्वीर, AI Generated Image

दरभंगा में BSNL का नेटवर्क स्वदेशी 4G तकनीक से और मजबूत हो रहा है. 1622 मोबाइल टावर साइट्स पर नई तकनीक लगने से कनेक्टिविटी सुधरेगी. साथ ही, भारत फाइबर सेवा का विस्तार भी तेजी से हो रहा है, जिससे हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा बढ़ेगी.

विज्ञापन

Darbhanga News: टेलीकॉम क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ी उपलब्धि का असर अब दरभंगा में भी दिखाई देने लगा है. सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल अपने 4G नेटवर्क को स्वदेशी तकनीक से लगातार मजबूत कर रही है. जिले में वर्तमान में बीएसएनएल के 1622 मोबाइल बीटीएस (मोबाइल टावर साइट्स) संचालित हैं, जिनके माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.

विभागीय जानकारी के अनुसार, देशभर में टीसीएस, तेजस नेटवर्क्स और सी-डॉट के सहयोग से बीएसएनएल के लिए एक लाख स्वदेशी 4G साइट्स स्थापित की गई हैं. इससे विदेशी तकनीक पर निर्भरता कम होने के साथ नेटवर्क की गुणवत्ता में भी सुधार होगा.

भारत फाइबर सेवा का तेजी से हो रहा विस्तार

मोबाइल नेटवर्क के साथ-साथ बीएसएनएल की हाईस्पीड इंटरनेट सेवा भारत फाइबर (FTTH) का भी तेजी से विस्तार हो रहा है. जिले में अब तक 11,029 एफटीटीएच कनेक्शन दिए जा चुके हैं. विभाग का लक्ष्य हर महीने करीब 1000 नए कनेक्शन जोड़ने का है, जिससे सालाना लगभग 12 हजार नए उपभोक्ताओं को हाईस्पीड इंटरनेट सुविधा मिल सके.

इससे घरों, कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को तेज और स्थिर इंटरनेट सेवा उपलब्ध होगी.

पुराने उपकरण बदले जा रहे, नेटवर्क होगा और बेहतर

बीएसएनएल नेटवर्क की गुणवत्ता सुधारने के लिए पुराने उपकरणों को भी बदला जा रहा है. बड़ी संख्या में बैटरियां, पावर प्लांट और पुरानी केबल अपग्रेड की जा रही हैं, जिससे नेटवर्क की क्षमता और कनेक्टिविटी पहले से बेहतर होगी. आने वाले समय में जिले में मोबाइल टावरों और फाइबर नेटवर्क का और विस्तार करने की योजना है.

क्या बोले प्रभारी जीएम

प्रभारी जीएम एसके झा ने बताया कि विभाग की ओर से सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. मोबाइल टावरों पर स्वदेशी तकनीक आधारित उपकरण लगाए जा रहे हैं, जो बड़ी उपलब्धि है. वर्तमान में जिले में 1622 मोबाइल टावर साइट्स संचालित हैं और आने वाले समय में इनका और विस्तार किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: बिरौल में बिना मान्यता चल रहा अस्पताल सील, जांच में खुली बड़ी गड़बड़ी


विज्ञापन
अजय कुमार मिश्रा

लेखक के बारे में

By अजय कुमार मिश्रा

अजय कुमार मिश्रा पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. स्वास्थ्य, एयरपोर्ट, परिवहन, सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर गंभीर और तथ्यपूर्ण रिपोर्टिंग इनकी पहचान है. आम जनजीवन से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाना इनकी कार्यशैली की विशेष पहचान रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन