ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही सरकार: दीपक

मौजपुर में मंत्री का स्वागत करते रामभरोस महतो
बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने बेनीपुर में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और आधार केंद्र व जीविका कार्यालयों का उद्घाटन किया. उन्होंने बताया कि पंचायतों का पुनर्गठन जल्द ही होगा.
Benipur News: बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को प्रखंड की रमौली पंचायत सरकार भवन परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने पंचायत सरकार भवन में नवस्थापित आधार केंद्र तथा पंचायत के तीन जीविका संगठन कार्यालयों का उद्घाटन भी किया.
पंचायत स्तर पर मिलेंगी अधिक सुविधाएं
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था के तहत पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं को अगले पंचवर्षीय अवधि में और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि भविष्य में लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, बल्कि अधिकांश सरकारी कार्य पंचायत स्तर पर ही संपन्न होंगे.
ग्रामीणों ने उठाई सोलर लाइट और नल-जल की समस्या
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने सोलर स्ट्रीट लाइट की खराब व्यवस्था और नल-जल योजना से जुड़ी समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा. मंत्री ने सोलर लाइट से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पंचायती राज पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए.
नल-जल योजना के संबंध में उन्होंने कहा कि इसकी देखरेख लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा की जा रही है और सरकार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है.
पंचायतों के पुनर्गठन की दी जानकारी
मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर राज्य निर्वाचन आयोग परिसीमन की प्रक्रिया चला रहा है. लगभग सात हजार की आबादी के आधार पर पंचायतों का पुनर्गठन किया जाएगा, जिसके बाद आरक्षण रोस्टर की प्रक्रिया पूरी होगी. उन्होंने बताया कि सरकार ने इस संबंध में जिला निर्वाचन आयोग को आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुरोध भेजा है.
योजनाओं की समीक्षा, जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने पंचायत की विभिन्न योजनाओं से संबंधित संचिकाओं का अवलोकन किया तथा स्थानीय मुखिया रौशन मिश्र के कार्यों की सराहना करते हुए जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का आह्वान किया.
इससे पहले मंत्री मौजपुर निवासी रामभरोस महतो के आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जहां स्थानीय लोगों ने मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, चादर और माला पहनाकर उनका सम्मान किया.
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष रेणु देवी, जिला परिषद सदस्य डॉ. नंदकिशोर झा, स्वतंत्र कुमार झा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन यादव, एसडीओ मनीष कुमार झा, बीडीओ राहुल कुमार कर्ण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुबोध नारायण पाठक
सुबोध नारायण पाठक पिछले 20 सालों से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ये सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझते हैं और डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स व नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद करते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










