घुटनों के बल रेंगते बाबा कुशेश्वरनाथ के दरबार पहुंचे दो दिव्यांग श्रद्धालु, किया जलाभिषेक
दोनो पाँव से दिव्यांग लेकिन पहुँचे बाबा कुशेश्वरनाथ की जलाभिषेक करने के लिए। | Prabhat Khabar Network
श्रावण की पहली सोमवारी पर बाबा कुशेश्वरनाथ धाम में दिव्यांग श्रद्धालु ने घुटनों के बल रेंगकर की जलाभिषेक, आस्था का अद्भुत नजारा देख हर कोई हुआ भावुक।
Sawan 2026: श्रावण की पहली सोमवारी पर दरभंगा के प्रसिद्ध बाबा कुशेश्वरनाथ धाम में आस्था का ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया. दोनों पैरों से दिव्यांग दो युवक घुटनों के बल रेंगते हुए मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया. हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच उनकी अटूट श्रद्धा लोगों के लिए प्रेरणा बन गई. युवकों ने बताया कि बाबा कुशेश्वरनाथ की कृपा से उनकी मनोकामनाएं पूरी हुई हैं, इसलिए वे इस बार भी कठिन यात्रा कर जलाभिषेक करने पहुंचे.
रात 12 बजे घर से निकले, चार घंटे बाद पहुंचे मंदिर
दिव्यांग श्रद्धालुओं ने बताया कि वे रात करीब 12 बजे घर से निकले थे. घुटनों के बल चलते हुए करीब चार घंटे की कठिन यात्रा के बाद सुबह चार बजे बाबा कुशेश्वरनाथ धाम पहुंचे. इसके बाद उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना की.
श्रद्धालुओं का कहना था कि बाबा भोलेनाथ की सच्चे मन से आराधना करने से सभी कष्ट दूर होते हैं. विशेष रूप से श्रावण माह में जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं.
पहली सोमवारी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
सावन की पहली सोमवारी पर बाबा कुशेश्वरनाथ धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. जलाभिषेक के लिए मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगी रहीं. दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के बीच भगवान शिव का अभिषेक किया.
प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे. एसडीओ शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी स्वयं मंदिर परिसर में मौजूद रहकर व्यवस्था की निगरानी करते रहे. दोनों अधिकारी सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए थे.
वहीं कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद, बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा, सीओ राकेश रोशन भारती और बीईओ प्रिंस झा श्रद्धालुओं की कतारों को व्यवस्थित कराने और भीड़ नियंत्रण में जुटे रहे. प्रशासन की सतर्कता के कारण भारी भीड़ के बावजूद जलाभिषेक शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ.
यह भी पढे़ं: तारलाही में लगा नि:शुल्क मल्टी-स्पेशलिटी हेल्थ कैंप, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सैकड़ों मरीजों की जांच की
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए