एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा: लैंडिंग के दौरान फटा स्पाइसजेट विमान का टायर, यात्रियों में मची अफरातफरी

सांकेतिक तस्वीर, AI Generated Image
Darbhanga Airport News: दरभंगा एयरपोर्ट पर मुंबई से आई स्पाइसजेट फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान टायर फट गया, लेकिन पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया. करीब 150 यात्री सुरक्षित हैं. वहीं अकासा एयर के विमान में भी तकनीकी खराबी आने और एप्रन में दो विमान खड़े रहने से इंडिगो की फ्लाइट पटना डायवर्ट करनी पड़ी.
दरभंगा से अजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Darbhanga Airport News: दरभंगा एयरपोर्ट पर सोमवार को बड़ा विमान हादसा टल गया. मुंबई से दरभंगा पहुंची स्पाइसजेट की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान रनवे पर विमान का टायर फट गया. टायर फटने के बाद विमान का पहिया कुछ दूरी तक रनवे पर घिसता रहा, जिससे विमान के भीतर बैठे यात्रियों में अफरातफरी मच गई. हालांकि पायलट की सूझबूझ और बेहतर नियंत्रण के कारण विमान को सुरक्षित रोक लिया गया. फ्लाइट में सवार करीब 150 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं.

लैंडिंग के दौरान फटा टायर, यात्रियों में मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे स्पाइसजेट की मुंबई-दरभंगा उड़ान जैसे ही रनवे पर उतरी, उसी दौरान विमान के टायर में तकनीकी खराबी आ गई और वह फट गया. लैंडिंग के बाद क्षतिग्रस्त पहिया रनवे पर घिसता रहा, जिससे विमान में तेज कंपन और झटके महसूस हुए. अचानक हुई इस घटना से यात्री घबरा गए, लेकिन पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित रोक लिया.
सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट के सुरक्षा कर्मी और ग्राउंड स्टाफ मौके पर पहुंचे. सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है. इसके बाद विमान को तकनीकी जांच के लिए एप्रन में ले जाया गया.
एप्रन में जगह नहीं मिलने से इंडिगो फ्लाइट पटना डायवर्ट
शाम साढ़े छह (6:30) तक स्पाइसजेट के विमान के एप्रन में खड़े रहने के कारण एयरपोर्ट पर पार्किंग की समस्या उत्पन्न हो गई. इसी बीच दिल्ली से दरभंगा आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को एहतियातन पटना डायवर्ट करना पड़ा. बाद में स्थिति सामान्य होने पर वही विमान पटना से दरभंगा पहुंचा और यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ.
अकासा विमान में भी आई तकनीकी खराबी
सोमवार को ही मुंबई से दरभंगा पहुंची अकासा एयर की फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी सामने आई. विमान की जांच के कारण उसका परिचालन प्रभावित रहा. स्पाइसजेट और अकासा के दो विमान एप्रन में खड़े रहने से एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित हुआ. सूत्रों के अनुसार दोनों विमान पूरी रात दरभंगा एयरपोर्ट पर ही रहेंगे, जिससे मंगलवार को भी उड़ान सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है.
तकनीकी जांच शुरू
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार दोनों विमानों की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है. जांच पूरी होने के बाद ही उन्हें उड़ान की अनुमति दी जाएगी. एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अद्यतन उड़ान जानकारी संबंधित एयरलाइन से प्राप्त करने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










