दो दिन की बारिश से किसानों के चेहरे खिले, शुरू हुई धान की रोपनी

Updated:
विज्ञापन
Darbhanga-Agriculture-News-paddy-transplantation-starts-after-two-days-rain (1)

सांकेतिक तस्वीर

Darbhanga Agriculture News: दरभंगा जिले में दो दिनों की अच्छी बारिश के बाद किसानों ने धान की रोपनी शुरू कर दी है. खेतों में नमी लौटने से खरीफ फसल को नई उम्मीद मिली है. कृषि विभाग ने बेहतर उत्पादन की संभावना जताई है.

विज्ञापन

दरभंगा जिले से पुरुषोत्तम चौधरी की रिपोर्ट

Darbhanga Agriculture News: जिले में पिछले दो दिनों से हुई अच्छी बारिश के बाद किसानों के चेहरे खिल उठे हैं. खेतों में पर्याप्त नमी आने के साथ ही जिले के विभिन्न प्रखंडों में धान की रोपनी शुरू हो गई है. लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह वर्षा किसी वरदान से कम नहीं साबित हुई है. भीषण गर्मी और उमस से परेशान आम लोगों को भी मौसम सुहावना होने से बड़ी राहत मिली है.

खेतों में बढ़ी चहल-पहल, शुरू हुई धान रोपनी

सोमवार सुबह से ही जिले के अधिकांश प्रखंडों में किसान मजदूरों के साथ खेतों में उतर गए. कहीं ट्रैक्टर से खेत तैयार किए जा रहे हैं तो कहीं धान के बिचड़े की रोपनी शुरू हो चुकी है. किसान मेढ़ (आड़ी) बनाने और खेतों में कटवा कराकर रोपनी की तैयारी में जुटे हैं. किसानों का कहना है कि अभी खेतों में पानी पूरी तरह नहीं भरा है, लेकिन बारिश से आई नमी धान रोपनी के लिए पर्याप्त है.

जून में सामान्य से कम बारिश, फिर भी मिली राहत

जिला कृषि विभाग के अनुसार एक से 30 जून तक जिले में सामान्य वर्षापात 145.10 मिलीमीटर के मुकाबले 125.69 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है. सबसे अधिक वर्षापात जाले (203 मिमी), तारडीह (165.40 मिमी), घनश्यामपुर (153 मिमी), किरतपुर (152.60 मिमी), हायाघाट (150.80 मिमी), बेनीपुर (143.40 मिमी) और मनीगाछी (145.80 मिमी) में रिकॉर्ड किया गया. अन्य प्रखंडों में भी संतोषजनक बारिश हुई है.

किसानों को खरीफ फसल से बढ़ी उम्मीद

किसान देवेंद्र कुमार, राज सिंघानिया, कन्हैया झा, राजा सहनी, विजय कुमार सिंह, श्याम सुंदर सिंह, शंभू पासवान और नागेंद्र यादव ने बताया कि यदि अगले एक-दो दिनों में भी अच्छी बारिश होती रही तो जिले में बड़े पैमाने पर धान की रोपनी शुरू हो जाएगी. इससे खरीफ फसल की अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ गई है.

कृषि विभाग ने जताई बेहतर उत्पादन की उम्मीद

जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ ने बताया कि ‘काल बैसाखी’ के प्रभाव से उत्तर बिहार में लगातार वर्षा हो रही है, जिसका लाभ दरभंगा जिले को भी मिला है. उन्होंने बताया कि अब तक खरीफ फसल के तहत करीब 10 से 15 प्रतिशत क्षेत्र में धान एवं अन्य फसलों का आच्छादन हो चुका है. यदि मौसम अनुकूल रहा तो इस वर्ष शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल होने की संभावना है.

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन