LNMU के परीक्षा केंद्रों पर क्यों मची अफरा-तफरी? जानिए पूरा मामला

ललित नारायण मिथिला यूनिवर्सिटी, फोटो- सोशल मीडिया
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) की परीक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है. स्नातक द्वितीय सेमेस्टर और बीएड प्रथम खंड की परीक्षाओं के समय टकराने से परीक्षार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. एक ही समय में प्रवेश और निकास को लेकर कई केंद्रों पर भ्रम और नोकझोंक की स्थिति बन गई, जिससे छात्रों में तनाव का माहौल है.
LNMU Exams Update: दरभंगा स्थित ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. स्नातक द्वितीय सेमेस्टर और बीएड प्रथम खंड की परीक्षाओं का समय आपस में टकराने से कई परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई. एक ही समय में परीक्षार्थियों के प्रवेश और निकास को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रही, जिससे कई केंद्रों पर छात्रों के बीच नोकझोंक भी हुई.
परीक्षा समय टकराने से बढ़ी परेशानी
जानकारी के अनुसार, स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चल रही है. वहीं, बीएड प्रथम खंड की परीक्षा दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है. परीक्षा नियमों के मुताबिक बीएड अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले, यानी 12:30 बजे से परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति है.
प्रवेश और निकास को लेकर हुआ विवाद
जब बीएड के परीक्षार्थी तय समय पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने पहुंचे, तब स्नातक के छात्र अभी परीक्षा कक्ष में मौजूद थे. ऐसे में कई जगह स्नातक के छात्रों ने पहले परीक्षा खत्म होने और बाहर निकलने के बाद ही प्रवेश देने की बात कही. दूसरी ओर बीएड अभ्यर्थियों ने विश्वविद्यालय के नियमों का हवाला देते हुए समय पर प्रवेश की मांग की. इससे कई केंद्रों पर भीड़, धक्का-मुक्की और तनाव की स्थिति बन गई.
छात्रों और अभिभावकों ने उठाए सवाल
छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि विश्वविद्यालय को दोनों परीक्षाओं के बीच पर्याप्त समय का अंतर रखना चाहिए था. उनका मानना है कि बेहतर परीक्षा प्रबंधन से इस तरह की स्थिति से बचा जा सकता था.
परीक्षा नियंत्रक ने दिया आश्वासन
मामले पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. इंसान अली ने कहा कि छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक अनुमति प्राप्त कर उचित निर्णय लिया जाएगा. विश्वविद्यालय इस समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगा.
यह भी पढे़ं: दरभंगा में मौसम ने ली करवट, सड़कें बनीं तालाब, लोग बोले- हर साल यही हालात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










