खाना खाकर सोया 10वीं का छात्र, सुबह पैर की उंगली से निकला खून, अस्पताल पहुंचते ही मौत
लोहनी में मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल | Prabhat Khabar Network
लोहनी गांव में 10वीं के छात्र राजन कुमार की सर्पदंश से मौत हो गई. खाना खाकर सोने के बाद सुबह जब परिजन उसे उठाने पहुंचे तो पैर से खून बहता देख सांप के काटने की आशंका हुई. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया.
Biraul News: बिरौल थाना क्षेत्र की गनौरा तरवारा पंचायत के लोहनी गांव में सर्पदंश से 10वीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गयी. मृतक की पहचान परमानंद यादव के पुत्र राजन कुमार के रूप में हुई है. घटना शनिवार देर रात की बतायी गयी है. छात्र की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आपके शहर में
खाना खाने के बाद सोने गया था राजन
मृतक के चाचा अशोक यादव ने बताया कि राजन शनिवार रात खाना खाने के बाद सोने चला गया था. सुबह देर तक जब वह नहीं उठा तो परिजनों ने उसे जगाने की कोशिश की.
इसी दौरान परिजनों की नजर उसके पैर की उंगली पर गयी, जहां से खून निकल रहा था. इसके बाद आशंका हुई कि रात में सोने के दौरान किसी जहरीले सांप ने उसे डस लिया है.
निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन आनन-फानन में राजन को इलाज के लिए बेनीपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
इसके बाद परिजन शव को वापस घर लेकर आये. बाद में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया. चाचा अशोक यादव ने ही राजन को मुखाग्नि दी.
गुड़गांव में मजदूरी करते हैं पिता
बताया गया कि राजन के पिता परमानंद यादव हरियाणा के गुड़गांव में मजदूरी करते हैं. बेटे की मौत की खबर मिलते ही वह घर के लिए रवाना हो गये.
राजन तीन भाइयों में सबसे छोटा था. अचानक हुई उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घर में मां लालदाय देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. वह अपने पुत्र के शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रो रही थीं. आसपास के लोग उन्हें ढांढस बंधाते रहे.
स्कूल में भी शोक का माहौल
उत्क्रमित उच्च विद्यालय तरवारा के प्रधानाध्यापक आनंद मोहन ने बताया कि राजन विद्यालय में 10वीं कक्षा का छात्र था. उसकी मौत की खबर मिलने के बाद विद्यालय परिवार में भी शोक का माहौल है.
गांव के लोगों के अनुसार, राजन की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया. परिजन अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं, लेकिन मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है.
यह भी पढ़ें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए