पुराने घर में फंदे से लटका मिला 21 वर्षीय युवक का शव, मौत की वजह तलाश रही पुलिस
नगर थाना दरभंगा
शुभंकरपुर में कृष्ण जन्माष्टमी के दिन पुराने घर में 21 वर्षीय युवक राहुल कुमार का शव फंदे से लटका मिला. परिवार वाले हत्या की आशंका जता रहे हैं, पुलिस जांच में जुटी है.
Darbhanga News: नगर थाना क्षेत्र के शुभंकरपुर बिचला टोला वार्ड नंबर-08 में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गयी, जब पुराने घर में 21 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला. मृतक की पहचान मोहन राय के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. सूचना पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया.
आपके शहर में
परिजनों के अनुसार, कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राहुल कुमार शुक्रवार को मोहल्ले में घूमने निकला था. घूमने के बाद वह शुभंकरपुर बिचला टोला स्थित अपने पुराने घर पहुंचा था. बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसने घर के अंदर फंदे से लटककर जान दे दी. हालांकि, उसकी मौत के पीछे वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.
पूजा करने पहुंचे छोटे भाई ने देखा शव
मृतक के छोटे भाई आशु कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह वह पूजा करने के लिए पुराने घर पहुंचा था. घर का दरवाजा अंदर से बंद था. बाहर राहुल की चप्पल पड़ी देखकर उसे संदेह हुआ. दरवाजा खोलने पर अंदर राहुल फंदे से लटका मिला.
इसके बाद आशु ने तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में भी लोगों की भीड़ जुट गयी.
मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया. पुलिस मौत के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक ने आत्महत्या की है या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य कारण है.
परिजनों ने बताया कि राहुल का किसी से कोई विवाद नहीं था और न ही किसी व्यक्ति के साथ उसका झगड़ा चल रहा था. ऐसे में उसकी मौत को लेकर परिवार के लोग भी हैरान हैं.
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है.
यह भी पढ़ें
जाले में बुजुर्ग महिला की चाकू से हत्या, एफएसएल टीम ने जुटाये वैज्ञानिक साक्ष्य
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए