बिहार में शौचालय योजना में घोटाला, 3 सीनियर अफसरों पर गिर सकती है गाज

Published by :Abhinandan Pandey
Published at :20 Mar 2026 4:22 PM (IST)
विज्ञापन
bagaha latest news

अनुमंडल लोक शिकायत निवारण कार्यालय की तस्वीर

Bihar News: बगहा के बांसगांव मंझरिया पंचायत में शौचालय निर्माण योजना में भारी गड़बड़ी और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है. जांच के बाद अधिकारियों ने कई कर्मियों पर कार्रवाई और फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की सिफारिश की है.

विज्ञापन

Bihar News: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा प्रखंड अंतर्गत बांसगांव मंझरिया पंचायत में शौचालय निर्माण योजना में बड़े पैमाने पर अनियमितता और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है. जांच में गड़बड़ियों के संकेत मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की सिफारिश की गई है, जिससे पंचायत स्तर पर हड़कंप मच गया है.

लोक शिकायत पदाधिकारी ने मानी गंभीर गड़बड़ी

अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजीव कुमार ने मामले को गंभीर मानते हुए तकनीकी सहायक, लेखापाल और पंचायत सचिव के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की है. वहीं, मुखिया बृजेश राम पर कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है.

फर्जी बिल से भुगतान, फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की सिफारिश

जांच में मेसर्स हैदर अली पर फर्जी बिल के जरिए सरकारी राशि निकासी का आरोप सामने आया है. इसके आधार पर संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की अनुशंसा जिला प्रशासन से की गई है. मामले की रिपोर्ट जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला पंचायती राज पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी बगहा को भेज दी गई है.

ग्रामीण की शिकायत से खुला मामला

यह पूरा मामला बांसगांव निवासी रामप्रवेश साह की शिकायत के बाद उजागर हुआ. उन्होंने मुखिया बृजेश राम और पंचायत सचिव रामचन्द्र ठाकुर पर मिलीभगत कर सरकारी राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया है.

घटिया निर्माण, जरूरी सुविधाएं भी नदारद

शिकायत के मुताबिक, मंझरिया पोखरा स्थित शिव मंदिर के पास बने शौचालय का निर्माण बेहद घटिया सामग्री से कराया गया. हैरानी की बात यह है कि शौचालय में पानी की टंकी, मोटर और पाइप जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई गईं. वहीं, योजना स्थल पर सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं.

मापी पुस्तिका में हेराफेरी, मजदूरी भुगतान संदिग्ध

परिवाद में यह भी आरोप है कि मापी पुस्तिका में हेराफेरी कर राशि निकाली गई. मास्टर रोल में दर्ज मजदूरों के वास्तविक कार्य करने का कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है, जिससे मजदूरी भुगतान भी संदेह के घेरे में है.

चोरी का दावा, लेकिन FIR नहीं, BDO की भूमिका पर सवाल

प्रखंड विकास पदाधिकारी, बगहा एक द्वारा सामग्री चोरी होने की बात कही गई, लेकिन इस संबंध में न तो कोई प्राथमिकी दर्ज कराई गई और न ही किसी अधिकारी को सूचना देने का प्रमाण दिया गया. इससे प्रशासनिक कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं.

योजना पूरी दिखाकर बाद में किया गया भुगतान

परिवाद के अनुसार, 27 फरवरी 2023 को योजना को पूर्ण दिखाकर फाइल बंद कर दी गई थी. इसके बावजूद 9 मई 2023 को मेसर्स हैदर अली को 62,515 रुपये का भुगतान किया गया. यह प्रक्रिया वित्तीय अनियमितता और मनमानी की ओर इशारा करती है.

मिलीभगत से सरकारी राशि का गबन

परिवादी का आरोप है कि तकनीकी सहायक, लेखापाल, पंचायत सचिव और मुखिया ने मिलकर बिना आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराए ही सरकारी राशि का गबन किया. इससे न केवल सरकारी खजाने को नुकसान हुआ, बल्कि ग्रामीणों को योजना का लाभ भी नहीं मिल सका.

BDO पर भी उठे सवाल, कार्रवाई की मांग

शिकायत में प्रखंड विकास पदाधिकारी की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं. आरोप है कि उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच नहीं की और संबंधित लोगों को बचाने का प्रयास किया. उनके खिलाफ भी कार्रवाई की अनुशंसा की गई है.

Also Read: बिहार : सम्राट चौधरी CM की रेस में सबसे आगे क्यों? लेकिन एक सबसे बड़ा रोड़ा अब भी रास्ते में

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन