बक्सर: DM और एसपी ने विद्यार्थियों से किया खुलकर संवाद, साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके
फोटो -कार्यक्रम के उद्घाटन करती डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network
बक्सर के राजकीय अभियंत्रण संस्थान में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित। डीएम और एसपी ने छात्रों को साइबर अपराध से बचाव और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
Buxar News : राजकीय अभियंत्रण संस्थान में मंगलवार को डीएम एवं पुलिस के संयुक्त नेतृत्व में विद्यार्थी सहयोग शिविर और साइबर मंगलवार कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में डीएम साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं. साथ ही छात्रहित में संचालित योजनाओं और साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूक किया गया.
आपके शहर में
विद्यार्थियों की समस्याएं सुनकर समाधान का भरोसा
डीएम ने कहा कि युवा समाज और राष्ट्र के भविष्य हैं. जिला प्रशासन का प्रयास है कि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिले, ताकि वे बिना किसी बाधा के पढ़ाई और करियर पर ध्यान केंद्रित कर सकें. उन्होंने विद्यार्थियों से सरकार और जिला प्रशासन की ओर से संचालित छात्रहित योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की.
साइबर ठगी के नए तरीकों से किया सावधान
‘साइबर मंगलवार’ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, ओटीपी और पिन साझा करने, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल पेमेंट की ठगी, फर्जी नौकरी और छात्रवृत्ति के नाम पर होने वाले साइबर अपराधों की जानकारी दी गयी. विद्यार्थियों को ऐसे मामलों में सतर्क रहने की सलाह दी गयी.
OTP-पिन और बैंकिंग डिटेल किसी से साझा न करें
पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी, पिन, पासवर्ड और बैंकिंग से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए. उन्होंने संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई ऐप डाउनलोड करने से भी बचने की अपील की.
साइबर ठगी होते ही तत्काल शिकायत करें
एसपी ने कहा कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल शिकायत दर्ज करानी चाहिए. समय पर सूचना मिलने से पुलिस को कार्रवाई करने और ठगी की रकम को रोकने की कोशिश करने में मदद मिल सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए