बक्सर : नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और वीडियो बनाने के मामले में रेस्टोरेंट में छापेमारी, कमरा सील
रेस्टोरेंट में छापेमारी करती पुलिस और इनसेट में गिरफ्तार शिक्षक की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
Buxar News : डुमरांव में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म मामले में पुलिस की जांच तेज. आरोपित शिक्षक की निशानदेही पर स्टेशन रोड स्थित रेस्टोरेंट का कमरा सील किया गया.
Buxar News : कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक सरकारी मध्य विद्यालय की नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म और उसका वीडियो बनाने के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गयी है. गिरफ्तार आरोपित शिक्षक अरविंद कुमार से पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन डुमरांव में कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की. इसी क्रम में पुलिस आरोपित शिक्षक की निशानदेही पर स्टेशन रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पहुंची, जहां काफी देर तक जांच-पड़ताल की गयी. जांच के बाद रेस्टोरेंट के एक कमरे को सील कर दिया गया.
आपके शहर में
आरोपित शिक्षक की निशानदेही पर रेस्टोरेंट पहुंची पुलिस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपित शिक्षक ने जिस स्थान के बारे में जानकारी दी थी, उसकी तस्दीक करने के लिए जांच टीम स्टेशन रोड स्थित रेस्टोरेंट पहुंची. पुलिस ने रेस्टोरेंट का एक कमरा खुलवाकर उसकी गहनता से जांच की. कमरे में मौजूद सामान और अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल करने के बाद पुलिस ने उसे सील कर दिया.
कमरा सील होने के बाद इलाके में चर्चा तेज
रेस्टोरेंट का कमरा सील किये जाने के बाद आसपास के इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. हालांकि, पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि कमरे से कोई आपत्तिजनक सामग्री या मामले से संबंधित कोई साक्ष्य बरामद हुआ है या नहीं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
कई होटल और संभावित ठिकानों पर हो चुकी है छापेमारी
बताया जाता है कि नाबालिग छात्रा से जुड़े इस मामले में पुलिस इससे पहले भी डुमरांव के कई होटलों और अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है. पुलिस का मुख्य उद्देश्य उस स्थान की पहचान करना है, जहां छात्रा के साथ कथित घटना को अंजाम देने और उसका वीडियो बनाने का आरोप है. आरोपित शिक्षक की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद जांच टीम उसके द्वारा बताये गये स्थानों की एक-एक कर तस्दीक कर रही है.
Also Read : कृष्ण जन्माष्टमी पर मासूम की मौत, दो बहनों का इकलौता भाई था अंश, पिता की भी बिगड़ी तबीयत
वीडियो से जुड़े डिजिटल साक्ष्य की भी तलाश
पुलिस जांच का दायरा अब और बढ़ गया है. जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे. इसके साथ ही कथित वीडियो से संबंधित किसी डिजिटल साक्ष्य की मौजूदगी की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस आरोपित शिक्षक से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
Also Read : सबार-भभुआ मुख्य पथ पर तीन फीट तक बह रहा बाढ़ का पानी, कई गांवों में बने बाढ़ जैसे हालात
पुलिस ने कहा, सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच
डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने रेस्टोरेंट में पुलिस की कार्रवाई और कमरे को सील किये जाने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से पड़ताल कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. मामले में लगातार हो रही छापेमारी से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति है. स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाये जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
Also Read : दुर्गावती नदी का जलस्तर घटा, एसडीआरएफ की टीम ने 10 किमी जलमार्ग का लिया जायजा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए