बक्सर के बनारपुर पैक्स चुनाव में मुन्ना यादव ने मारी बाजी, 206 वोट पाकर 101 मतों से दर्ज की जीत
कतारबद्ध खड़े मतदाता और नव निर्वाचित अध्यक्ष मुन्ना यादव को जीत का प्रमाण पत्र देते बीडीओ
बनारपुर पैक्स अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में मुन्ना यादव ने शानदार जीत हासिल की है. उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 101 मतों के अंतर से हराया. जानिए इस रोमांचक मुकाबले का पूरा नतीजा.
Banarpar PACCS Election: चौसा प्रखंड अंतर्गत बनारपुर पैक्स के अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव मंगलवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. मतदान समाप्त होने के बाद देर शाम प्रखंड कार्यालय स्थित सभाकक्ष में मतगणना करायी गयी. इसमें मुन्ना यादव ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की.
आपके शहर में
निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ मनोज कुमार ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल 337 मत पड़े थे. इनमें 26 मत अवैध घोषित किए गए. अध्यक्ष पद के उम्मीदवार राजेश तिवारी को 105, जबकि मुन्ना यादव को 206 मत मिले. इस तरह मुन्ना यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेश तिवारी को 101 मतों के अंतर से पराजित किया.
जीत की घोषणा होते ही मुन्ना यादव के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गयी. समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी और विजयी उम्मीदवार का स्वागत किया.
सुबह सात बजे से हुआ मतदान
बनारपुर स्थित मध्य विद्यालय में बनाये गये मतदान केंद्र पर सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान हुआ. चुनाव में कुल 43 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल और दंडाधिकारी की तैनाती की गयी थी. चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की गयी.

एसडीएम के नेतृत्व में हुई मॉनिटरिंग
चुनाव प्रक्रिया की निगरानी एसडीएम अविनाश कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम कर रही थी. मतदान से लेकर मतगणना तक प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी.
मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किया गया. इसके बाद विजयी उम्मीदवारों को निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से प्रमाण पत्र वितरित किया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए