बक्सर: सिमरी प्रखंड-अंचल कार्यालय और CHC में DM शाहिला का औचक निरीक्षण, खामियां मिलने पर अधिकारियों को फटकार
सीएचसी केन्द्र सिमरी का औचक निरीक्षण करती डीएम शाहिला | Prabhat Khabar Network
डीएम ने सिमरी सीएचसी और प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। गंदगी और लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
Buxar News : जिलाधिकारी शाहिला ने मंगलवार को सिमरी प्रखंड सह अंचल कार्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कार्यालय और अस्पताल में कई खामियां मिलने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
आपके शहर में
प्रखंड-अंचल कार्यालय में लंबित मामलों की ली जानकारी
प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंची डीएम शाहिला ने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और वहां चल रहे कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को जनहित से जुड़े लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही कार्यालय में सभी कर्मियों की समय पर उपस्थिति और सरकारी कार्यों में पारदर्शिता बरतने पर विशेष जोर दिया.
सीएचसी की सफाई व्यवस्था देख नाराज हुईं डीएम
प्रखंड कार्यालय के बाद डीएम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं. अस्पताल परिसर में गंदगी और साफ-सफाई की खराब व्यवस्था देखकर उन्होंने नाराजगी जतायी. डीएम ने अस्पताल प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगने तथा तत्काल पूरे परिसर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है.
देर से आने वाले चिकित्सकों और कर्मियों पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान डीएम ने उपस्थिति पंजी के साथ-साथ बायोमेट्रिक हाजिरी की भी जांच की. इस दौरान देर से आने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की जानकारी लेते हुए संबंधित कर्मियों से कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया. डीएम ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों और कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि मरीजों को इलाज के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
OPD से दवा काउंटर तक व्यवस्था की जांच
डीएम शाहिला ने सीएचसी के ओपीडी, शल्य कक्ष, दवा काउंटर, भंडार कक्ष, प्रसव कक्ष, एक्स-रे कक्ष और मरीज पंजीकरण काउंटर का भी बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली. संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने और मरीजों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया.
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
डीएम ने कहा कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने तथा सरकारी सेवाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार, अंचलाधिकारी भगवती शंकर पाण्डेय, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी प्रेमचंद प्रसाद सहित अन्य अधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए