बक्सर के डुमरांव में सातवें दिन भी नहीं थमी नगर निकाय कर्मियों की हड़ताल, पुराना भोजपुर तक निकाला विरोध मार्च

Updated:
विज्ञापन

विरोध मार्च में शामिल सफाई कर्मी व नेता | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

डुमरांव में अपनी मांगों को लेकर नगर निकाय कर्मियों का विरोध प्रदर्शन सातवें दिन भी जारी रहा। सफाईकर्मियों ने पुराना भोजपुर तक विरोध मार्च निकाला।

विज्ञापन

Buxar News : बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ एवं बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार को डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र में सातवें दिन भी जारी रही. रोज की तरह सुबह सफाईकर्मी नगरपालिका बाजार परिसर में एकत्र हुए और हाथों में तख्तियां लेकर विरोध मार्च निकाला. इस दौरान उन्होंने आम लोगों से अपने आंदोलन के समर्थन की अपील भी की.

विज्ञापन

स्टेशन रोड से पुराना भोजपुर तक निकला विरोध मार्च

विरोध मार्च नगरपालिका बाजार से शुरू होकर स्टेशन रोड, ब्लॉक, खिरौली, कड़वी और रेलवे स्टेशन तक पहुंचा. रेलवे स्टेशन स्थित दुर्गा मंदिर के समीप पहली सभा आयोजित की गई. इसके बाद जुलूस डीएस कोठी रोड होते हुए पुराना भोजपुर चौक पहुंचा, जहां दूसरी सभा हुई. अंत में शिव मंदिर के समीप तीसरी सभा आयोजित की गई. पूरे मार्च के दौरान महिला एवं पुरुष सफाईकर्मी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों के समर्थन में लोगों को जागरूक करते रहे.

नगर परिषद और सरकार पर लगाए उपेक्षा के आरोप

सभा को संबोधित करते हुए महासंघ की नगर इकाई के सचिव शिव शंकर तिवारी ने कहा कि कर्मचारियों की तीन प्रमुख मांगें राज्य सरकार से संबंधित हैं, जबकि 10 सूत्री मांगें नगर परिषद स्तर की हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है. उन्होंने कहा कि सफाईकर्मी लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं और अपने अधिकारों से वंचित हैं, इसलिए आंदोलन जारी रखना उनकी मजबूरी बन गया है.

महिला कर्मियों ने भी रखी अपनी बात

पुराना भोजपुर में आयोजित सभा में सफाईकर्मी मुन्नी देवी ने कार्यस्थल की समस्याओं और कठिन परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता बनाए रखने के बावजूद सफाईकर्मियों को अपेक्षित सुविधाएं और सम्मान नहीं मिल रहा है. उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की.

मांगें पूरी होने तक आंदोलन रहेगा जारी

सभा को वरिष्ठ सीपीआई नेता एवं जिला परिषद सदस्य केदार यादव, भाकपा (माले) नेता सर्वेश कुमार पाण्डेय, बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के नेता ओमप्रकाश यादव, भाकपा (माले) के नगर सचिव कृष्णा राम, मानरूप पासवान, कन्हैया पासवान सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम में भगवान पासवान, जाबिर कुरैशी, शैलेन्द्र पासवान, रमिया देवी, शीला देवी, शोभा देवी, उधारी डोम, रिंकू राम, अजय जी, दीपक बास्फोर सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मी मौजूद रहे. आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन