बक्सर: डुमरांव स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, जनशताब्दी एक्सप्रेस में चढ़ते समय महिला की कटे दोनों पैर, अस्पताल में मौत

Updated:
विज्ञापन

अनुमंडलीय अस्पताल में जांच करते चिकित्सक | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

डुमरांव रेलवे स्टेशन पर जनशताब्दी एक्सप्रेस में चढ़ते समय एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. ट्रेन के चलने से पहले ही वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गई, जिससे उसके दोनों पैर कट गए.

विज्ञापन

Buxar News: बक्सर जिले के डुमरांव रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में 54 वर्षीय महिला की जान चली गई. पटना-काशी जनशताब्दी एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान महिला का पैर फिसल गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई. ट्रेन खुलते ही उसके दोनों पैर कट गए. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

विज्ञापन

जनशताब्दी एक्सप्रेस में चढ़ते समय हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पटना-काशी जनशताब्दी एक्सप्रेस शनिवार शाम करीब 7:15 बजे डुमरांव रेलवे स्टेशन पर रुकी थी. इसी दौरान महिला ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी. तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरी. इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, ट्रेन चल पड़ी और महिला उसके नीचे आ गई.

पति के सामने हुई दर्दनाक मौत

मृतका की पहचान बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के छोटका राजपुर गांव निवासी 54 वर्षीय रेनू देवी, पति ओमप्रकाश सिंह के रूप में हुई है. मृतका के पति ने बताया कि दोनों निजी कार्य से वाराणसी जा रहे थे. ट्रेन स्टेशन पर रुकी तो उनकी पत्नी चढ़ने लगी, लेकिन पैर फिसलने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई. ट्रेन खुलते ही यह हादसा हो गया और उनकी आंखों के सामने पत्नी की मौत हो गई.

जीआरपी और स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस और समाजसेवी राजीव सिंह मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को एंबुलेंस से अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बक्सर भेज दिया.

रेल थाना प्रभारी ने कही यह बात

रेल थाना प्रभारी मणीचंद्र पांडे ने बताया कि महिला ट्रेन पर चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से ट्रेन के नीचे चली गई थी. हादसे में उसके दोनों पैर कट गए. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

प्लेटफॉर्म की ऊंचाई पर फिर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे के बाद डुमरांव रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म की ऊंचाई को लेकर लोगों में फिर नाराजगी देखने को मिली. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्लेटफॉर्म और ट्रेन के फर्श के बीच अधिक ऊंचाई होने के कारण यात्री अक्सर चढ़ते और उतरते समय असंतुलित होकर गिर जाते हैं. लोगों ने रेलवे प्रशासन से प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने और यात्री सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन