बक्सर के डुमरांव में कुछ ही महीनों में बंद हुई हाई मास्ट लाइटें, अंधेरे से बढ़ी लोगों की परेशानी

अंधेरे में सड़क और आसपास का इलाका
Buxar News: डुमरांव के वार्ड 13 में लगी दो हाई मास्ट लाइटें खराब होने से अंबेडकरनगर और नावाडेरा क्षेत्र में अंधेरा छाया हुआ है. स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से जल्द मरम्मत की मांग की है, जबकि प्रशासन ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है.
डुमरांव से सुजीत कुमार ओझा की रिपोर्ट :
Buxar News: नगर परिषद के विस्तारित क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 13 में स्थापित दो हाई मास्ट लाइटों के बंद हो जाने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है. अंबेडकरनगर और पश्चिम पोखरा (नावाडेरा) के समीप लगी ये लाइटें पिछले कई दिनों से खराब पड़ी हैं, जिसके कारण शाम होते ही पूरे इलाके में अंधेरा छा जाता है. इससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
अंधेरे के कारण सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाई मास्ट लाइट लगने के बाद रात के समय क्षेत्र में आवाजाही काफी आसान हो गई थी. सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त रोशनी रहने से लोगों को सुरक्षा का भी एहसास होता था. लेकिन लाइटों के बंद होने के बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो गई है. अंधेरे के कारण असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की आशंका भी बढ़ गई है, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है.
वार्ड पार्षद ने कई बार उठाया मामला
वार्ड पार्षद राजेश सिंह ने बताया कि खराब पड़ी हाई मास्ट लाइटों की जानकारी नगर परिषद के अधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है. उन्होंने कहा कि यह मामला सीधे तौर पर आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसे प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए.
लोगों ने जल्द मरम्मत की उठाई मांग
क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि दोनों हाई मास्ट लाइटों की तकनीकी खराबी को जल्द दूर कराया जाए. उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लोगों का आक्रोश बढ़ सकता है. खास बात यह है कि ये हाई मास्ट लाइटें कुछ ही महीने पहले लगाई गई थीं, ऐसे में इतनी जल्दी खराब हो जाना भी कई सवाल खड़े कर रहा है.
नगर परिषद ने दिया जल्द समाधान का आश्वासन
इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे ने कहा कि उन्हें अब तक इस समस्या की जानकारी नहीं थी. सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द ही दोनों हाई मास्ट लाइटों की तकनीकी खामियों को दूर कर उन्हें चालू कराया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिलेगी.
Also Read: बक्सर में संस्कृत विद्यालयों और मदरसे की जांच, बुनियादी सुविधाओं की खुली पोल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










