बक्सर में सेवा संकल्प समर्पण के 100 दिन पूरे होने पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन,DM ने गिनाईं उपलब्धियां

सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन करते डीएम
बक्सर में 'सेवा, संकल्प, समर्पण' अभियान के सौ दिन पूरे होने पर एक भव्य जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित भी किया गया.
Buxar 100 Days Seva Sankalp Event : बक्सर में राज्य सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को लेकर चलाए जा रहे "सेवा, संकल्प, समर्पण" अभियान के सौ दिन पूरे होने के अवसर पर शनिवार को बक्सर में जिला स्तरीय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कला भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, कलाकारों और स्थानीय लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली.
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी डुमरांव, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीआरडीए निदेशक और राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम के निदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
डीएम ने गिनाईं 100 दिनों की उपलब्धियां
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि पिछले सौ दिनों में प्रशासन और आम जनता के सामूहिक प्रयास से जिले में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है. उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार जनता के साथ संवाद और समन्वय बनाकर काम कर रहा है, जिससे योजनाओं का लाभ तेजी से लोगों तक पहुंच रहा है.
उन्होंने यह भी कहा कि "नई ऊर्जा, नई उड़ान" के लक्ष्य के साथ जिला प्रशासन सेवा, समर्पण और संकल्प की भावना लेकर आगे बढ़ रहा है. बक्सर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में विभिन्न कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया. गीत, संगीत और नृत्य के जरिए जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत किया गया. कलाकारों ने सामाजिक एकता और समरसता का संदेश भी दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा.
उप विकास आयुक्त ने भी अपनी कविता के माध्यम से कार्यक्रम में एक अलग ऊर्जा भर दी. वहीं अपर समाहर्ता विभागीय जांच ने अपने मधुर गीतों से माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया.
उत्कृष्ट कलाकारों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान बेहतरीन प्रस्तुति देने वाले कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थाओं को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया. इसके साथ ही जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी आकांक्षा पांडे को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया.
उनकी उपलब्धियों को सराहते हुए अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की प्रतिभाएं जिले के लिए प्रेरणा हैं और आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने का हौसला देती हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










