बक्सर की सीनियर पुरुष कबड्डी टीम के गैर-आवासीय कैंप का शुभारंभ, राजगीर में होने वाले स्टेज गेम के लिए खिलाड़ी तैयार
नारियल फोड़कर शुभारंभ करते अतिथि
बक्सर की जिला सीनियर पुरुष कबड्डी टीम ने बिहार राज्य कबड्डी संघ द्वारा आयोजित आगामी प्रतियोगिता के लिए कमर कस ली है. राजगीर में 8 से 11 सितंबर तक होने वाले प्रथम स्टेज गेम की तैयारियों के लिए टीम का गैर-आवासीय कैंप शुरू हो गया है.
Buxar Kabaddi Team: बिहार के खेल जगत में बक्सर का नाम एक बार फिर चमकाने के लिए जिला सीनियर पुरुष कबड्डी टीम ने तैयारी शुरू कर दी है. बिहार ओलंपिक, खेल प्राधिकरण बिहार सरकार और बिहार राज्य कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली आगामी प्रतियोगिता को लेकर शनिवार को रघुनाथपुर स्थित कबड्डी कोर्ट पर बक्सर जिला सीनियर पुरुष कबड्डी टीम के गैर-आवासीय कैंप का विधिवत शुभारंभ किया गया. कैंप में खिलाड़ी प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर नियमित अभ्यास करेंगे.
आपके शहर में
पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर हुआ कैंप का शुभारंभ
कैंप के उद्घाटन के अवसर पर खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए विशेष पूजा-अर्चना की गयी. जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन शशि कुमार राय और जयशंकर चौधरी ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर कैंप का उद्घाटन किया. इस दौरान खिलाड़ियों और कबड्डी प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला.
राजगीर में 8 से 11 सितंबर तक होगा प्रथम स्टेज गेम
गैर-आवासीय कैंप आगामी 8 से 11 सितंबर तक राजगीर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाले प्रथम स्टेज गेम की तैयारियों को लेकर लगाया गया है. उद्घाटन समारोह में जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन शशि कुमार राय ने प्रतियोगिता के नियमों और बक्सर टीम की स्थिति की जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि अगले वर्ष होने वाली राज्य सीनियर पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में वही आठ टीमें हिस्सा ले सकेंगी, जो पिछले वर्ष क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं. बक्सर की टीम पिछले वर्ष कांस्य पदक जीत चुकी है. ऐसे में इस बार भी टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है.
फिटनेस और रणनीति पर रहेगा जोर
कैंप के दौरान बक्सर के खिलाड़ी नियमित अभ्यास करेंगे. कोच और संघ के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों की फिटनेस, खेल रणनीति और आपसी तालमेल को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा. खिलाड़ियों का लक्ष्य प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए बक्सर का नाम रोशन करना है.
ये खिलाड़ी कैंप में होंगे शामिल
कैंप में सोनू सिंह, दीपक यादव, दयानंद पांडे, रविरंजन यादव, राहुल सिंह, संदीप कुमार, श्याम जी, विजय कुमार, प्रमोद पासवान और बृजेश कुमार समेत अन्य खिलाड़ी शामिल हैं. खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ अभ्यास करने का संकल्प लिया.
खेल जगत की हस्तियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
उद्घाटन कार्यक्रम में जिले और राज्य स्तर से जुड़े कई खेल विशेषज्ञ और अधिकारी मौजूद रहे. इनमें खेलो इंडिया की कोच सुमन कुमारी, बिहार पुलिस के सुलेमान अंसारी और सुनील लाल समेत अन्य लोग शामिल थे. खेलो इंडिया योजना से जुड़े बालक और बालिका खिलाड़ी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे. अतिथियों ने खिलाड़ियों को कड़े अभ्यास, अनुशासन और टीम भावना के साथ प्रतियोगिता में उतरने के लिए प्रेरित किया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए