बक्सर पुलिस ने हत्याकांड का फरार आरोपी समेत 25 को किया गिरफ्तार, 690 लीटर से ज्यादा शराब भी बरामद

सांकेतिक तस्वीर
बक्सर पुलिस ने अपराध पर लगाम लगाने के लिए एक बड़ा विशेष अभियान चलाया है. इस अभियान के तहत हत्या, धोखाधड़ी और दुष्कर्म के आरोपी सहित कुल 25 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बड़ी मात्रा में शराब भी बरामद की है.
Buxar Police Special Drive : बक्सर जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है. अभियान के दौरान हत्याकांड के एक फरार आरोपी सहित विभिन्न मामलों में कुल 25 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. साथ ही बड़ी मात्रा में शराब बरामद कर कई वाहनों को भी जब्त किया गया.
Buxar News : हत्या, धोखाधड़ी और दुष्कर्म के आरोपी गिरफ्तार
पुलिस कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अभियान में हत्याकांड के एक लंबे समय से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया. इसके अलावा धोखाधड़ी के दो और दुष्कर्म के एक आरोपी को भी पुलिस ने दबोचा. कुल मिलाकर 25 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई.
44 वारंट और 9 कुर्की वारंट का निष्पादन
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने न्यायालय से जारी 44 वारंट और 9 कुर्की वारंट का निष्पादन किया. वारंट के मामलों में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बताया कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा.
690 लीटर से अधिक शराब बरामद, वाहन भी जब्त
शराब तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने शराब से जुड़े नौ मामलों में छह लोगों को गिरफ्तार किया. कार्रवाई के दौरान 668.89 लीटर विदेशी शराब और 21.2 लीटर देशी शराब, यानी कुल 690.09 लीटर शराब बरामद की गई. इसके अलावा तीन मोटरसाइकिल और एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए गए.
वाहन जांच में 31 हजार रुपये का जुर्माना
जिलेभर में चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 31 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.
एसपी बोले- अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि अपराध और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










