बक्सर में आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय किशोर की मौत, महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से झुलसे

Published by : Suryakant Kumar Updated At : 06 Jun 2026 10:53 PM

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Buxar News: बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के जमौली गांव में शनिवार शाम मौसम बदलने के दौरान आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से एक 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए. मृतक की पहचान आशीष कुमार के रूप में हुई है. घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.

विज्ञापन

Buxar News (राजपुर से पंकज कमल की रिपोर्ट )
थाना क्षेत्र की देवढ़िया पंचायत अंतर्गत जमौली गांव के बधार (खेत) में शनिवार की शाम एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक हादसा सामने आया है. अचानक बदले मौसम के बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए. मृतक किशोर की पहचान जमौली गांव निवासी सत्येंद्र चौहान के पुत्र आशीष कुमार (13 वर्ष) के रूप में की गई है.

पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी

घटना के संबंध में बताया जाता है कि शनिवार की शाम अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवा के साथ झमाझम बारिश होने लगी. बारिश से बचने के लिए खेत के पास खेल रहा आशीष और वहीं पास में भैंस चराने आए दो अन्य लोग दौड़कर एक पेड़ के नीचे छिप गए. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में तीनों आ गए.

राजपुर सीएचसी से सदर अस्पताल किया गया रेफर, डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित किया

बधार में बिजली गिरते देख कुछ ही दूरी पर मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया. चीख-पुकार सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में तीनों झुलसे हुए लोगों को तुरंत इलाज के लिए राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया. वहाँ मौजूद डॉ. रश्मि रानी ने तीनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए तुरंत बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. सदर अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद 13 वर्षीय आशीष कुमार को मृत घोषित कर दिया.

घायलों में एक महिला और युवक शामिल, अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे दोनों

इस हादसे में गंभीर रूप से झुलसे दो अन्य लोगों की पहचान जमौली गांव के ही योगेश कुमार (25 वर्ष) और शैल कुंवर (55 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों की हालत अभी भी अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है और सदर अस्पताल के डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उनका गहन इलाज जारी है. ग्रामीणों ने बताया कि बिजली की तपिश इतनी तेज थी कि दोनों के शरीर का काफी हिस्सा झुलस गया है. अस्पताल में भर्ती दोनों घायल फिलहाल जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं, और पूरा गांव उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआएं मांग रहा है.

आपदा कोष से मुआवजे की मांग की

इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि संजय सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए स्थानीय अंचलाधिकारी (CO) और जिला प्रशासन से आपदा प्रबंधन विभाग के तहत पीड़ित परिवार को तय सरकारी मुआवजा (चार लाख रुपये) जल्द से जल्द मुहैया कराने की पुरजोर मांग उठाई है. इकलौते किशोर पुत्र की इस असमय और खौफनाक मौत के बाद से माता-पिता सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इस हादसे के बाद से पूरे जमौली गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

Also Read: बक्सर में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश, भीषण गर्मी और उमस से लोगों को मिली बड़ी राहत

विज्ञापन
Suryakant Kumar

लेखक के बारे में

By Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन