बक्सर स्टेशन पर बड़ी कामयाबी, RPF और GRP ने अंतर-राज्यीय महिला गिरोह को दबोचा

गिरफ़्तारी के बाद तीनों महिला
Buxar News : बक्सर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अंतर-राज्यीय महिला गिरोह की तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है. उत्तर प्रदेश की रहने वाली इन महिलाओं के पास से चोरी के सोने के दो लॉकेट बरामद हुए हैं. पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बिहार और यूपी की ट्रेनों में यात्रियों से झपटमारी करने में सक्रिय था.
Buxar News (मृत्युंजय सिंह ): बक्सर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने मंगलवार शाम बक्सर रेलवे स्टेशन पर एक शातिर अंतर-राज्यीय महिला गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह की तीन महिला सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से यात्री से छीने गए सोने के दो कीमती लॉकेट बरामद किए हैं.
प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर चेकिंग के दौरान हुआ शक
RPF सूत्रों के मुताबिक, 12 मई की शाम करीब 6:20 बजे अधिकारी और जवान प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर सघन गश्ती कर रहे थे. इसी दौरान तीन महिलाएं संदिग्ध स्थिति में दिखाई दीं. पुलिस को देख वे भागने की कोशिश करने लगीं, जिसके बाद महिला सिपाहियों की मदद से उन्हें हिरासत में लिया गया. पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने ट्रेन संख्या 22670 में एक यात्री के गले से सोने के दो लॉकेट झपट लिए थे. तलाशी के दौरान चोरी के लॉकेट माला सहित उनके पास से बरामद हुए.
गिरफ्तार महिलाओं का विवरण:
पकड़ी गई महिलाएं उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की रहने वाली हैं:
- दुर्गावती देवी (40): पत्नी जितेंद्र कुमार, निवासी मिरगंज, जिला संत कबीर नगर
- नंदिता देवी (40): पत्नी मुन्ना प्रसाद, निवासी परदाहा, जिला मऊ
- खुशबू कुमारी (20): पत्नी रॉबिन प्रसाद, निवासी परदाहा, जिला मऊ
शातिर हैं अपराधी, बिहार के कई जिलों में दर्ज हैं केस
पुलिस जांच में पता चला है कि यह एक पेशेवर अंतर-राज्यीय गिरोह है जो ट्रेनों में यात्रियों को अपना निशाना बनाता है. इनका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. दुर्गावती देवी के ऊपर जहानाबाद टाउन थाना (कांड संख्या 426/25) में चोरी और लूट के आरोप हैं. वहीं नंदिता और खुशबू भी नालंदा के दीपनगर थाना (कांड संख्या 177/25) में चोरी और लूट के मामले में ही आरोपी हैं.
GRP ने भेजा जेल
GRP बक्सर ने तीनों महिलाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया. RPF और GRP अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्टेशनों और ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Also Read:बक्सर के प्रधान जिला जज के नाम पर साइबर ठगी की कोशिश, थाईलैंड से जुड़ा तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










