बक्सर में मोबिल गोदाम में भीषण आग, पांच लग्जरी गाड़ियां और ट्रैक्टर जलकर राख

मोबिल गोदाम में भीषण आग
Buxar News: बक्सर शहर के आईटीआई फील्ड के पास जय मां अंबे फ्यूल सेंटर के पीछे स्थित एक मोबिल गोदाम में रविवार को भीषण आग लग गई. इस हादसे में गोदाम में रखा मोबिल पूरी तरह जलकर राख हो गया. इसके साथ ही वहां खड़ी करीब पांच लग्जरी गाड़ियां और एक ट्रैक्टर भी आग की चपेट में आने से जलकर नष्ट हो गए. अग्निशमन विभाग की गाड़ियों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
Buxar News (मनीष मिश्रा की रिपोर्ट ) :
शहर के आईटीआई फील्ड के पास जय मां अंबे फ्यूल सेंटर के पीछे स्थित मोबिल गोदाम में रविवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा मोबिल पूरी तरह जलकर राख हो गया. इसके अलावा वहां खड़ी करीब पांच लग्जरी गाड़ियां और एक ट्रैक्टर भी आग में जलकर नष्ट हो गए. आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.
कई किलोमीटर दूर से दिखा धुएं का गुबार
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी ऊंची लपटें और काले धुएं के गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहे थे. सूचना पर अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. वहीं, आसपास के घरों के लोग भी आग बुझाने में जुट गए. लोगों ने अपने घरों की छतों से पानी फेंका, जबकि कई लोगों ने बोरिंग के पानी की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया.
फ्यूल सेंटर के संचालक कमलेश पाल ने कहा- पहले गाड़ी पहुंचती तो कम होता नुकसान
जय मां अंबे फ्यूल सेंटर के संचालक कमलेश पाल ने बताया कि आग लगने से भारी नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा कि यदि अग्निशमन विभाग की गाड़ियां कुछ और पहले पहुंच जातीं, तो शायद नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. मामले की जांच की जा रही है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
Also Read: सोनवर्षा लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी दबोचे गए, चाकू के दम पर दिया था वारदात को अंजाम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










