बक्सर में जामा मस्जिद के कटरा स्थित तेल मिल में लूटपाट का आरोप, 30 से 40 अज्ञात समेत 7 पर शिकायत
मस्जिद कटरा कि तोड़ी गई दीवाल | Prabhat Khabar Network
बक्सर के ठठेरी बाजार में प्राचीन कुआं पाटने के विरोध पर मस्जिद कमेटी ने दुकानदार की दुकान तोड़ी और पूरे परिवार को बम से उड़ाने की धमकी दी। पुलिस जांच में जुटी।
नगर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम व्यावसायिक इलाके ठठेरी बाजार स्थित वक्फ संख्या-1601 जामा मस्जिद (बड़ी मस्जिद) के कटरा की तेल मिल की दीवार तोड़कर नकदी और सामान की लूटपाट का मामला सामने आया है. पीड़ित दुकानदार राकेश शर्मा ने मस्जिद कमेटी के 7 कारिंदों समेत 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
आपके शहर में
मस्जिद कमेटी के लोगों पर वारदात का आरोप
पीड़ित के अनुसार, शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद यह वारदात हुई. आरोप है कि मस्जिद कमेटी से जुड़े लोगों ने तेल मिल की दीवार तोड़कर दुकान में लूटपाट की. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी है.
डीआईजी ने एसपी से ली पूरे मामले की जानकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए शाहाबाद के डीआईजी सत्यप्रकाश ने एसपी शुभम आर्य से बात कर पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने दोषी लोगों को चिन्हित कर शीघ्र गिरफ्तारी करने का आदेश दिया. डीआईजी ने बक्सर एसपी द्वारा फोन नहीं उठाने की शिकायत पर भी उनसे बात करने की बात कही.
सदर डीएसपी ने शांति बनाए रखने की अपील की
सदर डीएसपी गौरव पांडे ने संबंधित लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. उन्होंने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की. गौरव पांडे ने कहा कि इससे जुड़ा मामला न्यायालय में चल रहा है. न्यायालय द्वारा जब तक कोई फैसला नहीं आ जाता है, तब तक यथास्थिति बनाए रखने को कहा गया है. साथ ही तोड़े गए स्थान को सील कर दिया गया है.
68 वर्षों से तेल मिल चलाने का दावा
ठठेरी बाजार निवासी सुरेश शर्मा के पुत्र राकेश शर्मा ने नगर थाने में दिए आवेदन में बताया है कि वह जामा मस्जिद वक्फ संख्या-1601 के कटरे में पिछले 68 वर्षों से अपने पिता के साथ मिलकर तेल मिल की दुकान चलाते आ रहे हैं.

नमाज के बाद लाउडस्पीकर से दुकान तोड़ने का आरोप
पीड़ित ने आवेदन में आरोप लगाया है कि 4 सितंबर को दोपहर जुमे की नमाज खत्म होने के बाद मस्जिद से उनकी दुकान को तोड़ने का एलान किया गया. इसके तुरंत बाद मस्जिद कमेटी से जुड़े लोग दर्जनों की संख्या में लाठी-डंडों के साथ पहुंचे और मिल की दीवार को ध्वस्त कर दिया.
दो मोटर और सरसों तेल के टीन लूटने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि दीवार तोड़ने के बाद भीड़ ने दुकान के भीतर लूटपाट की. आवेदन के अनुसार, संयुक्त सचिव शब्बीर अहमद ने दुकान के गल्ले में रखे 10 हजार रुपये नकद लूट लिए. वहीं, आरोपी फसीह आलम, दुन्नु हाशमी, जुल्फिकार हाशमी और सगीर फारूकी पर मिल में लगी 4 एचपी की दो क्रॉम्पटन मोटर और मशीन के पुराने कल-पुर्जे उखाड़ने का आरोप है. इसके अलावा आरोपी सैफ अंसारी पर अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर दुकान में रखे 4 टीन सरसों का तेल और अन्य कीमती सामान लूटने का आरोप लगाया गया है.
विरोध करने पर परिवार को धमकी देने का आरोप
पीड़ित दुकानदार के अनुसार, शोर मचाने पर आसपास के स्थानीय लोग इकट्ठा होने लगे. इसके बाद भीड़ का नेतृत्व कर रहे नामजद आरोपी सामान समेटकर भाग निकले. पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने पुलिस में केस दर्ज कराने पर उसे, उसके पूरे परिवार और घर-दुकान को बम से उड़ाने की धमकी दी.
सरकारी कुएं को लेकर पुराना विवाद
पीड़ित दुकानदार राकेश शर्मा ने आवेदन में आरोप लगाया है कि पूरे विवाद की मुख्य वजह पुरानी रंजिश है. उनके अनुसार, वर्ष 2024 में मस्जिद कमेटी द्वारा परिसर में स्थित एक प्राचीन सरकारी कुएं को मिट्टी से भरकर समतल किया जा रहा था. उस समय पीड़ित परिवार ने सरकारी संपत्ति को नष्ट करने का विरोध किया था. पीड़ित का आरोप है कि इसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया.
ALSO READ : बक्सर : पटना-डीडीयू मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन दो घंटे तक रहा बाधित, महानंदा एक्सप्रेस के दो बोगी बेपटरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए