दिल्ली के फ्लैट के लिए कलयुगी बेटा बना पिता का कातिल, पीट-पीटकर की हत्या, मां पर भी जानलेवा हमला
घटनास्थल पर जांच करते एसपी शुभम आर्य व अन्य पुलिसकर्मी
Buxar Crime News: बक्सर के डुमरांव थाना क्षेत्र के सुरौंधा गांव में संपत्ति विवाद में बेटे ने पिता शिवशंकर तिवारी की कुदाल से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी.
Buxar Crime News: (सुजीत कुमार ओझा) बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरौंधा गांव में शुक्रवार को संपत्ति के लालच ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया. दिल्ली के एक कीमती फ्लैट को अपने नाम कराने की जिद में एक कलयुगी बेटे ने इंसानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने ही 74 वर्षीय बुजुर्ग पिता की कुदाल के बेट (हैंडल) से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी.
आपके शहर में
इस खूनी खेल के दौरान जब बूढ़ी मां अपने पति को बचाने दौड़ी, तो बेरहम बेटे ने उन पर भी जानलेवा हमला कर लहूलुहान कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया.
गांव में सनसनी, खुद जांच करने पहुंचे एसपी शुभम आर्य
दिल दहला देने वाली इस वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय डुमरांव थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की संवेदनशीलता और क्रूरता को देखते हुए बक्सर के एसपी शुभम आर्य, एसडीपीओ पोलस्त कुमार, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा तथा डीआईयू (DIU) की विशेष टीम ने घटनास्थल पर पहुँचकर बारीकी से जांच-पड़ताल की.
दिल्ली के नरेला वाले फ्लैट को लेकर चल रहा था विवाद
ग्रामीणों और पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक शिवशंकर तिवारी उर्फ पहलवान तिवारी (74 वर्ष) लंबे समय तक दिल्ली में रहकर एक प्राइवेट नौकरी करते थे. अपनी जीवनभर की गाढ़ी कमाई से उन्होंने दिल्ली के नरेला स्थित बुद्धा कॉलोनी फेस-टू समेत कई प्राइम लोकेशनों पर फ्लैट खरीदे थे. उनके दोनों बेटे शेषनाथ और संदीप भी दिल्ली में ही रहकर नौकरी करते हैं.

बताया जाता है कि बड़ा बेटा शेषनाथ पिछले कुछ समय से दिल्ली के नरेला वाले उस फ्लैट को जबरन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था, जो उसकी मां प्रेमा देवी के नाम पर रजिस्टर्ड है. माता-पिता द्वारा इस नाजायज मांग को ठुकराए जाने से वह काफी समय से गुस्से में था.
पड़ोसी की छत के रास्ते घर में घुसा कलयुगी बेटा, फिर…
शुक्रवार को शेषनाथ पूरी प्लानिंग के साथ अचानक चुपके से गांव पहुंचा. उसके हाथ में कुदाल का भारी-भरकम बेट था. वह सीधे मुख्य दरवाजे से न जाकर पड़ोसी ददन तिवारी के घर की छत पर चढ़ा और वहां से कूदकर अपने घर के आंगन में दाखिल हो गया. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने बरामदे में बैठे अपने लाचार पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

कुदाल के बेट के जोरदार वार सीधे शिवशंकर तिवारी के सिर और चेहरे पर लगे, जिससे वे वहीं खून से लथपथ होकर गिर पड़े. चीख-पुकार सुनकर जब मां प्रेमा देवी पति को बचाने आगे आईं, तो कलयुगी बेटे ने उन पर भी कुदाल के बेट से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.
कमरे का दरवाजा खोल उत्तर दिशा की ओर भागा आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शेषनाथ तिवारी उर्फ बब्लू घर का मुख्य दरवाजा खोलकर उत्तर दिशा में स्थित खेतों की ओर भाग निकला. ग्रामीणों ने तत्काल आपातकालीन नंबर डायल-112 को इसकी जानकारी दी. पुलिस टीम गंभीर रूप से घायल शिवशंकर तिवारी को तुरंत डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायल मां प्रेमा देवी का इलाज जारी है.
आरोपित की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है. आरोपित बेटे की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
Also Read: जिस बेटी की धूमधाम से की थी शादी, उसका शव आंगन में मिला; तीन आरोपी भेजे गए जेल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए