Bihar SI Exam 2026 : परीक्षा से पहले पढ़ लें ये नियम, मोबाइल-ईयरबड समेत कई चीजों पर रहेगी रोक

फोटो- अधिकारियों को संयुक्त रूप से संबोधित करते डीएम व एसपी | Prabhat Khabar Network
Bihar SI Exam 2026 : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में SI पदों के लिए 12 जुलाई को प्रारंभिक परीक्षा होगी। परीक्षा को लेकर कड़े नियम जारी किए गए हैं।
Bihar SI Exam 2026 : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक (SI) पदों पर भर्ती के लिए 12 जुलाई को होने वाली प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को बक्सर समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य ने समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में संयुक्त रूप से ब्रीफिंग की.
अवर निरीक्षक मद्य निषेध के पदों पर चयन के लिए अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 12 जुलाई को एकल पाली में ( सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ) आयोजित की जाएगी. परीक्षा को लेकर बक्सर जिला में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें कुल 7 हजार 32 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे. परीक्षार्थियों की संख्या 528 तक होने पर मात्र एक केंद्राधीक्षक रहेंगे. परीक्षार्थियों की संख्या 528 से अधिक होने पर प्रत्येक 500 पर एक सहायक केंद्राधीक्षक की प्रतिनियुक्ति की जा सकती है.
अंतिम तीस मिनट में टॉयलेट जाने पर रोक, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूरी तरह वर्जित
टॉयलेट जाते व आते समय अभ्यर्थी की तलाशी आवश्यक रूप से ली जाएगी, इसको लेकर निर्देश जारी किया गया है. कोई अभ्यर्थी प्रश्न पुस्तिका या उत्तर पुस्तिका लेकर न जाए व आए. परीक्षा अवधि के अंतिम 30 मिनट में किसी भी अभ्यर्थी को टॉयलेट व शौचालय जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी परिस्थिति में कोई लेख, सादा कागज, क्लिप बोर्ड, स्लाइड रूल, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ उपकरण, डिजिटल डायरी, पामटॉप, पीडीए या कोई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी.
जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित, दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला नियंत्रण कक्ष बक्सर समाहरणालय परिसर अवस्थित सभाकक्ष में कार्यरत होगा, जिसका दूरभाष संख्या 06183-222154 है. जिला नियंत्रण कक्ष के संपूर्ण प्रभार में कुमार नचिकेता, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी बक्सर रहेंगे, जहां परीक्षा संबंधित किसी भी प्रकार की गड़बड़ी एवं जानकारी दी जा सकती है. परीक्षा के सफल संचालन को ले 18 स्टैटिक दंडाधिकारी सह प्रेक्षक, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल, 18 जोनल मजिस्ट्रेट सह समन्वय प्रेक्षक, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल एवं 4 उड़न दस्ता दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










