बक्सर में गंगा का उफान थमा, चेतावनी स्तर से 19 सेंटीमीटर नीचे पहुंचा पानी
गंगा का जलस्तर | Prabhat Khabar Network
बक्सर में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से नीचे आ गया है, जिससे दियारा इलाके के लोगों को बड़ी राहत मिली है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Buxar News : पिछले कई दिनों से उफान पर रही गंगा का तेवर अब धीरे-धीरे शांत होने लगा है. 59.59 मीटर के उच्चतम बिंदु पर पहुंचने के बाद नदी का जलस्तर लगातार नीचे खिसक रहा है. मंगलवार शाम छह बजे तक गंगा का पानी 59.13 मीटर पर पहुंच गया. जलस्तर में कमी से गंगा और सहायक नदियों के तटवर्ती इलाकों में राहत की उम्मीद जगी है.
आपके शहर में
चेतावनी स्तर से 19 सेंटीमीटर नीचे पहुंचा जलस्तर
बक्सर में गंगा का निर्धारित चेतावनी स्तर 59.32 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 60.32 मीटर निर्धारित है. मंगलवार शाम नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 19 सेंटीमीटर नीचे दर्ज किया गया. केंद्रीय जल आयोग के अनुसार पानी में करीब एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से कमी जारी है.
दस घंटे में 10 सेंटीमीटर घटा पानी
केंद्रीय जल आयोग के बुलेटिन के मुताबिक मंगलवार सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 59.23 मीटर दर्ज किया गया था. इसके बाद करीब एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से पानी घटता रहा और शाम छह बजे तक जलस्तर 59.13 मीटर पर पहुंच गया. सोमवार शाम पांच बजे जलस्तर 59.47 मीटर दर्ज किया गया था.
दियारा इलाकों में कम होने लगा पानी
गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही कमी का असर दियारा और तटवर्ती क्षेत्रों में भी दिखने लगा है. इन इलाकों में फैला पानी धीरे-धीरे कम होने लगा है. इससे स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
बांध और संवेदनशील स्परों पर प्रशासन की नजर
जलस्तर घटने के बावजूद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. बांधों और संवेदनशील स्परों की लगातार निगरानी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर बनाए रखी जा रही है, ताकि जलस्तर में दोबारा वृद्धि होने की स्थिति में समय रहते आवश्यक कदम उठाया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए