बिहार में भाजपा के 17 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी, अश्विनी चौबे, छेदी पासवान और अजय निषाद का कटा टिकट

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बिहार की 17 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है. जानें किसी कहां से टिकट मिला है.
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार देर शाम लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बिहार में अपने कोटे की 17 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है. पार्टी ने 17 में से 13 सीटों पर फिर से पुराने चेहरों पर दांव लगाया है, जबकि तीन सीटों पर नए उम्मीदवार उतारे हैं. राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर को नई सीट नवादा से उम्मीदवार बनाया गया है. भाजपा की इस लिस्ट में एक भी महिला प्रत्याशी को उम्मीदवार नहीं बनाया गया है. मौजूदा सांसदों में इकलौती महिला सांसद शिवहर से रमा देवी हैं, लेकिन एनडीए की सीट बंटवारे में शिवहर सीट जदयू के पास जाने से रमा देवी का टिकट कट गया है.
भाजपा ने इन सीटों पर बदले कैंडीडेट
तीन सीटें ऐसी हैं जिन पर भाजपा ने अपने उम्मीदवार बदल दिए हैं. इनमें बक्सर से अश्विनी कुमार चौबे की जगह मिथिलेश तिवारी, मुजफ्फरपुर से अजय निषाद की जगह राजभूषण निषाद और सासाराम से छेदी पासवान की जगह शिवेश राम को टिकट मिला है.
भाजपा ने इन उम्मीदवारों को दिया टिकट
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अरुण सिंह द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार पश्चिम चंपारण से संजय जायसवाल, पूर्वी चंपारण से राधामोहन सिंह, मधुबनी से अशोक कुमार यादव, अररिया से प्रदीप कुमार सिंह, दरभंगा से गोपाल जी ठाकुर, महाराजगंज से जनार्दन सिंह सीग्रीवाल, सारण से राजीव प्रताप रूड़ी, उजियारपुर से नित्यानंद राय, बेगूसराय से गिरिराज सिंह, पटना साहिब से रविशंकर प्रसाद, पाटलिपुत्र से रामकृपाल यादव, आरा से आरके सिंह और औरंगाबाद से सुशील कुमार सिंह को टिकट मिला है.
किस जाति के कितने उम्मीदवार
- 17 सीटों में से भाजपा ने दस सीटों पर सवर्ण, चार पर अति पिछड़ा व दो पर पिछड़ा एवं एक सीट पर दलित वर्ग का उम्मीदवार उतारा है.
- अति पिछड़ा में गांगेय जाति से आने वाले प्रदीप कुमार सिंह और मल्लाह जाति के राजभूषण निषाद को टिकट दिया गया है.
- पिछड़ी जाति से तीन यादव नित्यानंद राय, अशोक यादव और रामकृपाल यादव जबकि एक वैश्य डॉ संजय जायसवाल को टिकट मिला है.
- दलित कोटे से भाजपा के प्रदेश महामंत्री शिवेश राम को उम्मीदवार बनाया गया है.
- दस सवर्णों में सबसे अधिक पांच राजपूत जाति के उम्मीदवार हैं. इनमें राधामोहन सिंह, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, राजीव प्रताप रूड़ी, आरके सिंह और सुशील सिंह का नाम है.
- सवर्णों में दो ब्राह्मण मिथिलेश तिवारी और गोपाल जी ठाकुर को टिकट मिला है.
- दो भूमिहार गिरिराज सिंह और विवेक ठाकुर को भी उम्मीदवार बनाया गया है.
- एकमात्र कायस्थ उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद का टिकट बरकरार रखा गया है.
BJP के 17 सीटों पर प्रत्याशी का नाम
| सीट | उम्मीदवार 2019 | उम्मीदवार 2024 |
|---|---|---|
| अररिया | प्रदीप सिंह | प्रदीप सिंह |
| बेगूसराय | गिरिराज सिंह | गिरिराज सिंह |
| बक्सर | अश्विनी चौबे | मिथिलेश तिवारी |
| आरा | आरके सिंह | आरके सिंह |
| दरभंगा | गोपाल जी ठाकुर | गोपाल जी ठाकुर |
| मुजफ्फरपुर | अजय निषाद | राजभूषण निषाद |
| मधुबनी | अशोक कुमार यादव | अशोक कुमार यादव |
| पटना साहिब | रविशंकर प्रसाद | रविशंकर प्रसाद |
| पाटलिपुत्र | रामकृपाल यादव | रामकृपाल यादव |
| सारण | राजीव प्रताप रूड़ी | राजीव प्रताप रूड़ी |
| महाराजगंज | जनार्दन सीग्रीवाल | जनार्दन सीग्रीवाल |
| सासाराम (सुरक्षित) | छेदी पासवान | शिवेश राम |
| पश्चिम चंपारण | संजय जायसवाल | संजय जायसवाल |
| पूर्वी चंपारण | राधा मोहन सिंह | राधा मोहन सिंह |
| उजियारपुर | नित्यानंद राय | नित्यानंद राय |
| औरंगाबाद | सुशील सिंह | सुशील सिंह |
| नवादा | चंदन कुमार, लोजपा | विवेक ठाकुर |
Also Read : बिहार में जदयू के 16 उम्मीदवारों की घोषणा, 12 सांसदों को फिर से मिला मौका, देखिए पूरी लिस्ट..
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anand Shekhar
Dedicated digital media journalist with more than 2 years of experience in Bihar. Started journey of journalism from Prabhat Khabar and currently working as Content Writer.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




